आईपीएस एपी सिंह की छुट्टियां रद्द

By: Feb 15th, 2018 12:10 am

दो साल की लीव पर चले गए थे वीरभद्र सिंह के चहेते अफसर

शिमला— प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एपी सिंह की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। एपी सिंह वीरभद्र सिंह के चहेते अफसरों में माने जाते हैं और पूर्व कांग्रेस सरकार के समय वह विजिलेंस के साथ-साथ रेजिडेंट कमिश्नर दिल्ली के पद पर तैनात रहे, लेकिन चुनावों से पहले वह दो साल की एक्ट्ररा आर्डिनरी लीव पर चले गए थे। सूत्रों का कहना है कि नई सरकार ने उनकी लीव रद्द कर दी है। एपी सिंह हिमाचल कैडर के साल 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। पूर्व वीरभद्र सिंह सरकार के समय में वह विजिलेंस में पहले डीआईजी थे और बाद में सरकार ने उनको पदोन्नत कर आईजी बना दिया था। इसके बाद उनको राज्य सरकार ने जून, 2014 में हिमाचल भवन दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर के पद का कार्यभार दिया था, लेकिन वह विजिलेंस का कार्यभार भी देखते रहे हैं और कांग्रेस सरकार के समय में बनाए गए कई केसों की जांच में उनकी बड़ी भूमिका रही है। पूर्व धूमल सरकार के खिलाफ बनाई गई चार्जशीट पर विजिलेंस ने कई केस दर्ज किए थे। इनमें एचपीसीए से संबंधित केसों के अलावा फोन टैपिंग मामला, बेनामी संपतियां, बैमलाई बिल्डर मामला, निजी विश्वविद्यालयों को आबंटित जमीन,  एंटी हेलगन खरीद, अन्नाडेल में जमीनों की खरीद-फरोक्त, अपार्टमेंट, स्वास्थ्य विभाग में अनियमितताएं, बैंटनी कैसल, पेपरमिल फर्जीबाड़ा, सीएफएल खरीद, पुलिस जूता खरीद सहित कई मामले थे। इनमें कई मामलों में विजिलेंस ने केस दर्ज किए हैं और इनमें से एचपीसीए के केस, फोन टैपिंग और सोलन नगर परिषद में भर्ती आदि केसों के चालान भी अदालत में पेश किए गए हैं। कुछ में केस दर्ज कर जांच अंतिम चरण में है, जबकि कई केसों की जांच हो रही है। बताया जा रहा है कि इन केसों की जांच की निगरानी में एपी सिंह की बड़ी भूमिका रही है। चुनावों से पहले उन्होंने दो साल का लंबा अवकाश से ले लिया था। सूत्रों का कहना है कि नई भाजपा सरकार ने उनके अवकाश को रद्द कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App