ऊना का पारा 30 डिग्री से पार

By: Feb 28th, 2018 12:15 am

धूप खिलने से गर्मी का एहसास, पहली से बारिश के आसार

शिमला — हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने आहट देनी शुरू कर  दी है। प्रदेश के ऊना का अधिकतम पारा 30 डिग्री से पार हो गया है। राज्य के बिलासपुर व भुंतर का पारा 30 डिग्री के आंकड़े को छूने के करीब है और हमीरपुर, कांगड़ा व चंबा का पारा 25 डिग्री से पार हो गया है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे प्रदेश में बुधवार को भी मौसम साफ बना रहेगा। मगर विभाग द्वारा राज्य में पहली मार्च से मौसम में फिर से करवट आने की उम्मीदें जताई जा रही है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में पहली-दो मार्च को कुछ स्थानों पर बारिश की उम्मीदें जताई जा रही हैं। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में एक-दो मार्च को कुछ स्थानों पर बारिश की उम्मीद है।  इस दौरान शिमला, कुल्लू, मंडी, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, सिरमौर में अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। उक्त क्षेत्रों में पांच मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों में तीन से पांच मार्च तक मौसम साफ बना रहेगा।  प्रदेश में अधिकतर क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री का उछाल आया है। ऊना में सर्वाधिक तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया है, जो बीते रोज 27.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 21.6, सुंदरनगर में 27.7, भुंतर में 28.2, कल्पा में 17.2, धर्मशाला में 20.8, ऊना में 30.1, नाहन में 24.5, सोलन में 24.5, कांगड़ा में 26 .0, बिलासपुर में 28.4, हमीरपुर में 27.5, चंबा में 25.3, और डलहौजी में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को भी प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। राज्य में पहली मार्च से फिर मौसम करवट लेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App