एंजल अनाथ आश्रम खोलने की कवायद तेज

By: Feb 13th, 2018 12:05 am

जवाली—उपमंडल फतेहपुर के अंतर्गत छत्तर में समाजसेवी दंपति ने अनाथ व दिव्यांग बच्चों की देखरेख के लिए एंजल अनाथ व  दिव्यांग आश्रम खोलने की कवायद शुरू की है, जिसमें अनाथ व दिव्यांग बच्चों को रखा जाएगा व उसकी देखरेख सहित इलाज का खर्चा समाजसेवी दंपति द्वारा ही वहन किया जाएगा। एंजल अनाथ व दिव्यांग आश्रम छत्तर आने वाले समय में अनाथ व दिव्यांग बच्चों के लिए वरदान साबित होगा। इसी के साथ इनसानियत की मिसाल भी कायम होगी। छत्तर निवासी नीरज शर्मा व उनकी धर्मपत्नी अलका शर्मा द्वारा एंजल अनाथ व दिव्यांग आश्रम को खोलने की कवायद शुरू की गई है। इसमें तकरीबन 20-30 दिव्यांग बच्चों को रखने की क्षमता होगी और आश्रम में फिजियोथैरेपी मशीन भी लगाई जा रही है, जिससे दिव्यांग बच्चों की फिजियोथैरेपी की जाएगी। नीरज शर्मा व अलका शर्मा ने कहा कि उनका इकलौता बेटा आयान भी दिव्यांग है तथा उसी से प्रेरित होकर उन्होंने इस अनाथ व दिव्यांग आश्रम को खोलने की कवायद शुरू की है। अभी तक आश्रम को चलने में करीब दो-तीन महीने का समय लग जाएगा। आश्रम के संचालक नीरज शर्मा मेडिकल कंपनी में एरिया मैनेजर हैं, जो कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर व चंडीगढ़ एरिया को संभालते हैं। उन्होंने बताया कि हमारे क्षेत्र में कई ऐसे बच्चे हैं, जो कि दिव्यांग हैं तथा उनके अभिभावक गरीब होने के कारण उनकी देखरेख, इलाज सहित उनके रहने-सहने, खाने का खर्चा वहन नहीं कर सकते हैं और लाचारी में ऐसे ही घुटते रहते हैं। उन्होंने कहा कि एंजल अनाथ व दिव्यांग आश्रम में बच्चों की मुफ्त में फिजियोथैरेपी सहित इजाल करवाया जाएगा और उनके रहने-खाने व शिक्षा का खर्च भी समाजसेवी द्वारा ही उठाया जाएगा। समय-समय पर बाहरी डाक्टरों को बुलाकर बच्चों का इलाज करवाया जाएगा। नीरज शर्मा व अलका शर्मा ने कहा कि उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से लैस आश्रम का काम लगा रखा है और इसमें डाक्टर सहित अन्य स्टाफ भी रखा जाएगा, जिसका खर्चा भी आश्रम स्वयं ही वहन करेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों का इलाज व रहने-खाने सहित शिक्षा का खर्च संस्था द्वारा ही दिया जाएगा। किसी प्रकार का कोई भी शुल्क दिव्यांग बच्चों के परिजनों से वसूल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे भविष्य में इसमें बच्चों के रखने की क्षमता अधिक करने पर भी जोर दिया जाएगा। समाजसेवी नीरज शर्मा व अलका शर्मा की इस पहल के लिए समाजसेवी संस्थाओं, बुद्धिजीवियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों सहित समाजसेवियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। लोगों का मत है कि यह समाजसेवी नीरज शर्मा व अलका शर्मा की अनूठी पहल है, जिससे दिव्यांग बच्चों को आश्रय मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App