कालेज ग्राउंड में विराजे देवी-देवता

By: Feb 17th, 2018 12:07 am

मंडी – शिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन समस्त देवी-देवता अपने परंपरागत स्थान कालेज ग्राउंड में विराजमान हो गए। समस्त देवी-देवताओं के साथ गूर, पुजारी व देवलू भी पहुंचे। मैदान में विराजमान होने के उपरांत समस्त देवी-देवताओं ने एक दूसरे से मिलन किया। क्योंकि समस्त देवी- देवता करीब एक वर्ष बाद केवल शिवरात्रि महोत्सव में एक-दूसरे से मिलते हैं। देवी-देवताओं की आलौकिक शक्ति के माध्यम से मिलन को देखकर भक्त हैरान रह गए। इस दौरान समस्त देवी-देवताओं से समक्ष सैकड़ों लोगों ने हाजिरी भरी। मंडी कालेज व आसपास के क्षेत्र में विराजमान देवी-देवताओं के समक्ष सुबह से ही लोगों का हजूम उमड़ना शुरू हो गया। इस दौरान भक्तों ने अपने-अपने आराध्य देवी-देवताओं  के पास हाजिरी भरकर मन्नत मांगी। इसके अलावा कुछ लोग अपनी देवी-देवताओं के साथ वाद्य यंत्रों की धुनों पर थिरकते मंडी कालेज प्रांगण तक पहुंचे। इस आस्था भरे सैलाब को लेकर लोग निहाल हुए। वहीं परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने देवताओं से सुख और समृद्धि का आशीर्वाद लिया। कालेज प्रांगण में माता हिडिंबा, मगरू महादेव, देव चपलांदू नाग, मांहूनाग देवता छांजणू, देव घटोत्कच, देव चूंजवाला ऋषि, देव विष्णु मतलोड़ा, देव हुरंग नारायण, देव पशाकोट सहित अन्य देवी-देवता विराजमान रहे। समस्त देवी-देवताओं का भक्तों ने दर्शन किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App