चौडू-बदारन को मिली साइंस की सौगात

By: Feb 11th, 2018 12:07 am

मुख्यमंत्री ने किया ऐलान, कांगू साइंस ब्लाक को एक करोड़

कांगू  – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नादौन विस क्षेत्र के बदारन अैर चौड़ू स्कूल में साइंस स्ट्रीम की कक्षाएं आरंभ करने का ऐलान किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगू के साइंस ब्लॉक के लिए एक करोड़ की घोषणा की। इसके अलावा मान खड्ड पर साई तथा सनाही और कुणाह खड्ड पर पुल बनाने की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कांगू में आयोजित जनसभा में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री के मांग प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगाकर नादौन विस क्षेत्र के लिए नायाब तोहफे दिए। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि विजय अग्निहोत्री उनके बचपन के सहपाठी और करीबी मित्र हैं। हम दोनों ने दरियों पर सोकर कई रातें एक साथ गुजारी हैं। छात्र जीवन से लेकर राजनीति में एक साथ कड़ा संघर्ष किया है। विस चुनावों में विजय अग्निहोत्री की हार हमारी भूल रही है, लेकिन सरकार नादौन विधानसभा के विकास के लिए दिल खोलकर बजट देगी। इससे पहले नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री का नादौन की जनता की ओर से स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में नादौन की समस्याओं के बारे जानकारी देते हुए कहा कि गत भाजपा सरकार के समय जो विकास कार्य आरंभ किए गए थे, उन्हें कांग्रेस सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल कर रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता यह भ्रांति फैलाते रहे कि मेडिकल कालेज नादौन में नहीं बनेगा और उसका काम उन्होंने तथा अनुराग ठाकुर ने रोका है, परंतु कांग्रेस की सरकार के समय सुक्खू ने इसके लिए क्या किया। विजय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने गत कार्यकाल में नादौन से दूरी क्यों बनाए रखी। अनुराग ठाकुर ने भाजपा से हिसाब मांगने वालों को खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रदेश में रेल विस्तार के लिए उन्होंने बजट में धन का प्रावधान करवाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App