छतरी में भाजपा के खिलाफ नारे

By: Feb 9th, 2018 12:07 am

थुनाग – जंजैहली एसडीएम और छतरी उपतहसील की अधिसूचना रद्द होने के बाद सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली व छतरी में सरकार के खिलाफ हो रहा आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दल शिमला में सीएम से मिलने के बाद और भी उग्र हो रहा है और वहीं गुरुवार को छतरी बाजार में विरोध प्रदर्शन किया गया और प्रदेश सरकार के खिलाफ  नारेबाजी की। यही नहीं, लोगों ने शुक्रवार को जंजैहली में चक्का जाम करने की भी बात कही है। उधर, चुनाव हारने के बाद चुप्पी साधे हुए कांगे्रस के प्रत्याशी व पूर्व मिल्कफेड के अध्यक्ष ठाकुर चेतराम भी गुरुवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने छतरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम कर रही है, जो कि सही नहीं है। उन्होंने कहा भाजपा जब खुद सत्ता में आती है, तो वह संस्थान खोलने तो दूर खुले हुए संस्थानों को बंद करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार एसडीएम और उप तहसील छतरी की अधिसूचना वापस करे। छतरी में सराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेड्डी ने कहा कि प्रदेश सरकार बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट की अधिसूचना रद्द करने के बाद सीएम यह कहते हैं कि छतरी उपतहसील की अधिसूचना जल्द कर देंगे। उन्होंने कहा कि वे छतरी और जंजैहली को बांटने में लगे हुए हैं, ताकि जंजैहली में होने वाला आंदोलन कमजोर हो सके। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के नाम पर क्षेत्रवाद की राजनीति खेलना बंद करें। कांग्रेस सराज मंडल के अध्यक्ष जगदीश रेड्डी और जयवंती चौहान ने भी लोगों को संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App