देव ध्वनियों से गूंजी छोटी काशी

By: Feb 16th, 2018 12:07 am

शिवरात्रि महोत्सव के आगाज के साथ ही देवमय हुआ माहौल, हर ओर श्रद्धा का सैलाब

मंडी – देव ध्वनियों और नगाड़ों की थाप पर नाच-गा रहे देवलू, जहां तक नजर जाए सड़कों पर शाही जलेब देखने के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब। देव सांस्कृतिक और आस्था के पर्व अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2018 का आगाज गुरुवार को कुछ इस तरह हुआ। छोटी काशी के भगवान माधव राय की शाही जलेब से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज हुआ। शाही जलेब देखने और शामिल होने के लिए इतने लोग उमड़े कि छोटी काशी में तिल धरने को भी जगह नहीं बची। शाही जलेब में देव छानणू-छमाहूं की जोड़ी सबसे आगे रही। देवताओं के आगे बज रहे रणसिंगे-करनाल की ध्वनियां पूरी छोटी काशी में गूंज रही थीं। देवों के साथ नाचते-गाते देवलू और लोक संस्कृतिक का परिचय देते लोग। जलेब में राजदेवता माधव राय की पालकी के साथ चलने में लोगों के बीच होड़ दिखी। शाही जलेब में सबसे आगे चल रहे देव छमाहूं के बाद क्रमबद्ध  तरीके से सभी देवता जलेब में शामिल हुए। इसके पश्चात सराज, सनोर-बदार क्षेत्र के देवता रियासत काल से चली आ रही परंपरा के मुताबिक ही जलेब में चले। इनमें  शुकदेव ऋषि थट्टा और शुकदेव घाटीहाड़, देव चुंजवाला, देव मार्कंडेय कोटलू, देवी अंबिका डाहर, देव मतलोड़ा, देव गणपति, देव मार्कंडेय कोटलू, देवी अंबिका डाहर, देव मतलोड़ा सहित अन्य देव शामिल रहे। इसके अलावा करीब तीन दशकों बाद चौहारघाटी के देवता हुरंग नारायण की अगवाई में चौहारघाटी के चार देवता शामिल हुए। राजदेवता माधोराय की पालकी के ठीक आगे सनोरघाटी की भगवती अंबिका नाऊ चल रही थीं। इस बार की जलेब को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। पहली बार मंडी जिला से मुख्यमंत्री के रूप में जयराम ठाकुर ने माधोराय की जलेब में शिरकत की। उधर, काफी लंबे समय बाद निजी स्कूलों के छात्रों ने भी जलबे में झाकियां निकालीं। बच्चे नाटी डाल कर शाही जलबे की शोभा बढ़ा रहे थे।

छतों से लिए शाही जलेब के नजारे

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की शाही जलेब के नजारे लोगों ने छतों से भी लिए। सड़कें भीड़ से पूरी तरह जैम पैक हो चुकी थीं। ऐसे में लोगों ने आसपास की बिल्डिंगों की छतों और गैलरी से ही शाही जलेब के नजारे लिए। शिवरात्रि महोत्सव-2018 की पहली शाही जलेब देखने के लिए डीसी आफिस से लेकर पड्डल करीब एक किलोमीटर से ज्यादा फासले तक लोगों की लाइनें लगी रहीं। लोग करीब एक घंटा पहले ही सड़क किनारे जलेब देखने के लिए खड़े हो गए थे।

खुली जीप में सवार हुए माननीय

शिवरात्रि महोत्सव-2018 की शाही जलेब में सीएम जयराम ठाकुर सहित मंत्री अनिल शर्मा, महेंद्र सिंह व अन्य विधायक खुली जीप में सवार हुए।  सीएम सहित मंत्री भी खुली जीप से ही हाथ हिलाकर जनता का अभिनंदन स्वीकार कर रहे थे।

सुकेती पुल पर ट्रैफिक रोकना भूले

शिवरात्रि महोत्सव की पहली शाही जलेब के दौरान सुकेती पुल पर ट्रैफिक रोकना पुलिस भूल गई। शाही जलेब से पहले निजी स्कूलों की झांकियां निकाली गईं, लेकिन पुलिस ने इस दौरान भी सुकेती पुल पर ट्रैफिक नहीं रोका। इसके काफी देर बाद जब देवी-देवताओं की जलेब भी पुल आधा पार कर चुकी थी, इसके बाद कहीं जाकर ट्रैफिक रोका गया। ट्रैफिक रोकने में देरी होने के कारण एक दो गाड़ी तो पुल पर हो रोक दी गईं।

महेश्वर सिंह ने फिर डाली नाटी

शिवरात्रि में हर बार नाटी डाल खुशी का इजहार करने वाले पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने इस बार भी खूब नाटी डाली। उनके साथ अन्य नेताओं ने भी नाटी डाली । यह पहला मौका नहीं है जब महेश्वर सिंह दिल खोल कर जनता के बीच थिरके। महेश्वर सिंह की नाटी हर बार शिवरात्रि मेले में सुर्खियां बटोरती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App