दो हफ्ते..61 केस..73 तस्कर धरे

By: Feb 3rd, 2018 12:01 am

शिमला – हिमाचल पुलिस के ड्रग माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। पुलिस के इस अभियान के तहत दो सप्ताह के भीतर पूरे राज्य में 61 केस दर्ज करते हुए 73 तस्करों को धर दबोचा है, जिनमें 66 भारतीय और सात नेपाली मूल के हैं। इस दौरान भारी मात्रा में चरस व अन्य मादक द्रव्य पकड़े गए हैं। राज्य की नई सरकार के नीतिगत दस्तावेज में नशा माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई है। पुलिस विभाग ने राज्य में ड्रग्ज को लेकर सौ दिन का विशेष अभियान छेड़ रखा है। यह अभियान 19 जनवरी से 28 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान सफल बनाने के लिए पुलिस विभाग ने हर जिला में एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन भी कर रखा है, इसकी कमान एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है। अभियान के तहत 27.51 किलो चरस, 38.27 किलो पॉपी हस्क 55.86 किलो गांजा और 215 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने 5330 नशीली गोलियां और 11810 कैप्सूल भी बरामद किए हैं।

गुडि़या हेल्पलाइन पर 30 शिकायतें

महिलाओं को एमर्जेंसी में मदद देने के लिए पुलिस द्वारा गुडि़या हेल्पलाइन चलाई गई है। इस पर महिलाएं मदद मांगने लगी हैं। 26 जनवरी से लेकर अब तक पुलिस को इस हेल्पलाइन पर 30 शिकायतें मिली हैं। इनमें से 15 का निपटारा किया जा चुका है, जबकि बाकी शिकायतों पर पुलिस थानों में कार्रवाई की जा रही है।

डीजीपी को डिस्क

पुलिस उन कर्मचारियों को भी सम्मानित करेगी, जो अभियान चला रहे हैं। इसके तहत सोलन पुलिस स्टेशन नवीन झाल्टा को डीजीपी डिस्क प्रदान की गई है। सोलन पुलिस की टीम ने सोलन में 7.89 किलो चरस की बड़ी खेप बरामद की थी। एसपी कानून एवं व्यवस्था डा. खुशहाल शर्मा ने कहा कि मादक द्रव्यों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाए हुए है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App