पहला ही बजट…घाटे का

By: Feb 27th, 2018 12:07 am

भाजपा ने दिया शहर के लोगों के झटका, विरोध में उतर आए पार्षद, पिछले साल के मुकाबले इस बार होगा घाटा

शिमला – नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट ने सोमवार को वित्त वर्ष 2018-19 का बजट पेश किया। भाजपा शासित और सातवीं निर्वाचित निगम का यह पहला बजट था। सातवीं निर्वाचित निगम ने वर्ष 2018-19 के लिए 355.51 करोड़ का बजट पेश किया। इस बार का यह बजट घाटे का है। छठी निर्वाचित निगम ने वित्त वर्ष 2017-18 के लिए 401 करोड़ 67 लाख रुपए का बजट पेश किया था, जो सरप्लस था। शहर की जनता भाजपा शासित निगम से बजट में विकास की नई धाराओं सहित कई सुविधाएं मिलने की आस लगा रही थी। मगर पहला ही बजट घाटे का पेश होने पर जनता के हाथ निराशा लगी है। वित्त वर्ष 2016-17 में निगम ने 215 करोड़ का बजट पेश किया था जो घाटे का था। वित्त वर्ष 2015-16 का कुल बजट 16612.30 करोड़ का था। जो 4440.00 करोड़ घाटे का था। वित्त वर्ष 2014-15 का कुल बजट 15664.86 करोड़ का था, जो 3012.11 करोड़ घाटे का था। जबकि वित्त वर्ष 2013-14 का कुल बजट 21631.77 करोड़ का था, जिसमें भी 3154.19 करोड़ का घाटा था। मगर छठी निर्वाचित  निगम ने अपना आखिरी बजट सरप्लस पेश किया था। ऐसे में नगर निगम में भाजपा का कब्जा होने के बाद शहर की जनता बजट में शिमला के लिए विकास व मूलभूत सुविधाओं की आस लगा रहे थे। लेकिन घाटे का बजट पेश होने पर जनता के हाथ निराशा ही लगी है। निगम सदन में महापौर का बजट भाषण खत्म होते ही कई पार्षदों ने बजट का विरोध करना शुरू कर दिया। पार्षदों का आरोप था कि बजट में कुछ भी नया नहीं है। विरोध में भाजपा पार्षद भी शामिल थे। बजट में कई क्षेत्रों की अनदेखी की गई है जो जनता के साथ अन्याय है।

वंदेमातरम से शुरू हुई सदन की कार्यवाही

नगर निगम बजट बैठक की शुरूआत वंदे मातरम से हुई।  बैठक खत्म होने के बाद राष्ट्रगान हुआ। यह पहली मर्तबा था कि जब बैठक की शुरूआत वंदे मातरम के साथ हुई।

आईजीएमसी-संजौली तक बनेगा कवरड पाथ

आईजीएमसी से संजौली तक निगम कवरड पाथ का निर्माण करेगा। इसके अलावा होटल होलीडे होम से बाइपास नाभा फागली से लालपानी, लालपानी से बाइपास सड़क तक लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा। इस पर एक करोड़ की राशि व्यय की जाएगी। वहीं वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान डाउनडेल, जीवणू कालोनी (परिमहल) में नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। जिस पर 12 लाख की राशि खर्च होगी।

जाखू-संकटमोचन में विकसित होंगे हबर्न गार्डन

नगर निगम शिमला के जाखू व संकटमोचन क्षेत्र में औषधीय पौधे लगाकर हर्बन गार्डन विकसित किए जाएंगे। वहीं, शिमला के सौंदर्य, वन संरक्षण और पर्यावरण के बचाव के लिए पौधारोपण कार्यक्रम भी चलाएगा।

सभी वार्डों में लिंक और एंबुलेंस रोड

नगर निगम शिमला शहर के सभी वार्डों में लिंक रोड और एंबुलेंस सड़क का निर्माण करेगा। इस पर 2.25 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा शहर की विभिन्न सड़कों व रास्तों पर 2.05 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।

मैहली में बनेगा बहुमंजिला कांप्लेक्स

इस वित्त वर्ष के दौरान मैहली- जुन्गा सड़क पर बहुमंजिला कांप्लेक्स बनाया जाएगा। इसमें पार्किंग, दुकानों और व्यावसायिक केंद्र, कर्मचारियों के लिए आवास का प्रावधान  भी होगा।

शिमला में वसूली जाएगी ग्रीन फीस

निगम शिमला में बाहरी राज्यों से पहुंचने वाले वाहनों से ग्रीन फीस वसूलेगा। जिसके लिए ऐप तैयार किया जा रहा है। ग्रीन फीस शुरू होने से निगम को 10 करोड़ की वार्षिक आय होगी।

लेबर होस्टल की हालत सुधरेगी

नगर निगम शिमला कोटहिल व अनाडेल में बने दो लेबर होस्टलों का जीर्णोद्धार करेगा। इनका जीर्णोद्धार राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत किया जाएगा। इस पर 94 लाख की राशि व्यय की जाएगी।

केसरिया थैले में लाए बजट

निगम शिमला की महापौर व उपमहापौर ने केसरिया रंग के थैले में बजट बुक लेकर सदन में पहुंचे। बजट का समय 11 बजे का निर्धारित था, मगर 11.15 मिनट पर ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई।

बजट के दिन देरी से पहुंचे पार्षद

बजट के दिन भी कुछ पार्षद देरी से सदन पहुंचे। बजट भाषण 11.15 बजे के करीब आरंभ हो गया था, लेकिन कुछ पार्षद 11.35 बजे के करीब सदन में पहुंचे। जबकि कुछ पार्षद बजट बैठक में नहीं आए।

बजट जनविरोधी

शिमला — शिमला नागरिक सभा अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने नगर निगम के बजट को जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसी भी रूप में जनोंमुखी नहीं है व मात्र आंकड़ों का मायाजाल है। इस बजट में शिमला शहर की जनता व उसकी दिक्कतों की अनदेखी की गई है। यह बजट किसी भी रूप में जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता है। इस बजट में छात्रों, युवाओं, मजदूरों व नागरिकों के लिए कुछ भी नहीं है। महिलाओं के लिए केवल 50 लाख रुपये का प्रावधान करके उनसे भी छलावा किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App