पांवटा सिविल अस्पताल की लिफ्ट के टेंडर अवार्ड

By: Feb 28th, 2018 12:05 am

पांवटा साहिब —पांवटा साहिब सिविल अस्पताल की प्रस्तावित दो लिफ्टों के टेंडर आखिरकार अवार्ड हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग शिमला के इलेक्ट्रिक विंग में हुए इस कार्य का टेंडर जॉनसन कंपनी को मिला है। कंपनी ने पांच महीने के अंतराल में अस्पताल में दोनों लिफ्टों का काम पूरा करके देना है। टेंडर होने के बाद अब पांवटा के बुद्धिजीवी और जनता को उम्मीद जग गई है कि अस्पताल में लिफ्टें जल्द ही लग जाएंगी। यह लिफ्टें 70 लाख 73 हजार रुपए में लगाई जाएंगी। जानकारी के मुताबिक पांवटा सिविल अस्पताल का भवन तो भव्य बनाया गया है, लेकिन इस चार मंजिलें भवन में ओपीडी दूसरे और तीसरी मंजिल पर बनाई गई है, जिससे बुजुर्गों, गर्भवत्ती महिलाओं और अन्य बीमार लोगों को ओपीडी में पहुंचने के लिए सीढि़यां चढ़नी पड़ती हैं। इससे कई लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। पांवटा की कई सामाजिक संस्थाओं ने इस समस्या को देखते हुए करीब चार साल से स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश सरकार से कई बार अस्पताल में लिफ्ट लगाने की मांग उठाई। हाल ही में पांवटा की करीब आधा दर्जन सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने तो 12 मार्च तक अस्पताल में सुविधाओं की कमी और अव्यवस्था के खिलाफ दो घंटे के सांकेतिक धरने की चेतावनी भी दी है। इस बीच लिफ्ट के टेंडर अवार्ड होना स्वास्थ्य विभाग के लिए अच्छी खबर है। साथ ही पांवटा की जनता के लिए भी यह सुखद सूचना है। गौर हो कि पांवटा के सिविल अस्पताल में जिला भर में औसतन ओपीडी सर्वाधिक रहती है। यहां पर औसतन 600 से 700 ओपीडी रहती हैं जो अपने आप में बहुत ज्यादा है, क्योंकि यह अस्पताल जिला सिरमौर की चार विधानसभाओं शिलाई, रेणुकाजी, नाहन और पांवटा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड और हरियाणा के हिमाचल की सीमा से लगते गांवों के लिए केंद्र बिंदु रहता है। इसलिए भी यहां पर मरीजों की तादाद काफी ज्यादा रहती है। ऐसे में यदि जल्द लिफ्टें लग जाती हैं तो मरीजों के लिए ओपीडी में पहुंचना आसान हो जाएगा। वहीं इस बारे में लोक निर्माण विभाग  पांवटा मंडल के अधिशाषी अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रिक विंग से जॉनसन कंपनी को पांवटा सिविल अस्पताल में लिफ्टें लगाने का कार्य अवार्ड हुआ है। कंपनी को पांच माह में यह कार्य पूरा करना है। पहले दो दफा यह टेंडर सिंगल पार्टी होने के कारण रद्द करने पड़े थे। उम्मीद है कंपनी जल्द ही अपना कार्य शुरू कर देगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App