पूर्व कांग्रेस सरकार ने सताए मुलाजिम

By: Feb 21st, 2018 12:01 am

परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह का आरोप

नाहन— हिमाचल प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने कहा है कि पूर्व कांगे्रस सरकार ने पांच वर्ष तक कर्मचारियों का उत्पीड़न किया। कर्मचारियों पर तबादलों के माध्यम से पूर्व सरकार ने उनका मानसिक उत्पीड़न किया तथा कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी तंग किया। यह बात संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को नाहन में हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के एक कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान परिवहन कर्मचारियों के 14 जून, 2016 को हुए प्रचंड आंदोलन के दौरान पूर्व परिवहन मंत्री को माफीनामा न देने पर कांग्रेस सरकार ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। मंगलवार को हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव कुलदीप ठाकुर के सुंदरनगर के लिए ट्रांसफर के बाद उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर विशेष रूप से नाहन पहुंचे थे। नाहन पहुंचने पर परिवहन कर्मचारियों ने उनका हार पहनाकर स्वागत किया तथा उनके स्वागत में नारे लगाए। विदाई समारोह में एचआरटीसी कार्यशाला गेट पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह ठाकुर के अलावा परिवहन मजदूर संघ से जुड़े सैकड़ों पदाधिकारियों को निशाना बनाकर उन्हें प्रताडि़त किया। प्रदेश में नई सरकार के गठन से प्रदेश के कर्मचारियों को तबादलों से निजात मिली है। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों में सुरेश कुमार, कन्हैया लाल, बंसी राम, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार, संदीप, नासिर अली, जोगेंद्र सिंह, मोती लाल, मोहन सिंह, संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App