भाजपा ने सराहा, तो कांग्रेस ने नकारा बजट

By: Feb 3rd, 2018 12:05 am

पांवटा साहिब—देश के वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा पेश किए गए आम बजट पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। भाजपा ने इस बजट की जहां सराहना की है, वहीं कांग्रेस ने इसे नकारा है। कांग्रेसियों का कहना है कि प्रदेश के लिए इस बजट में कुछ नहीं दिया गया है। पांवटा साहिब के भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने इस आम बजट की प्रशंसा की है। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि इस बजट से देश की रीढ़ की आर्थिकी सुदृढ़ होगी और लोग आधुनिक व वैज्ञानिक खेती की ओर अपना रुख कर आमदनी बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हित के इस बजट में इस बार रक्षा से भी ज्यादा बजट रखा गया है। इससे पता चलता है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों की कितनी चिंता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आपरेशन ग्रीन पर अपना फोकस कर रही है, क्योंकि यदि देश का किसान मजबूत होगा तो ही देश सही मायने में मजबूत होगा। इसके लिए बजट में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।  वहीं पांवटा कांग्रेस ने बजट को नकारा है। पांवटा साहिब के पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि इस बजट ने हिमाचल को निराश किया है। बजट में प्रदेश के लिए कुछ खास नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App