माणी सड़क पर कार पलटी, पांच जख्मी
चंबा— माणी संपर्क मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद एक कार के स्किड होकर सड़क से नीचे जा गिरने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज चंबा में भर्ती करवाया गया है। जहां घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एडमिट कर लिया गया है। कार में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार माणी संपर्क मार्ग पर कुछेक लोग वाहन पर सवार शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे। इसी दौरान भरनाट के पास अचानक कार सड़क से स्किड होकर नीचे लुढ़क गया। परिणामस्वरूप वाहन में सवार बबिता देवी, सुमित्रा, सुतो देवी, असनी देवी व करम चंद घायल हो गए। वाहन को गिरता देख मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। उन्होंने घायलों को उठाकर 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए मेडिकल कालेज चंबा भिजवाया। बाद में पुलिस की टीम ने मेडिकल कालेज आकर कार चालक व घायलों के बयान आदि दर्ज किए। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेने के लिए भी रवाना हो गई है। फिलहाल दुर्घटना में घायल लोगों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने माणी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना को लेकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App