मौसम के आगे पूर्वानुमान फेल

By: Feb 1st, 2018 12:01 am

विभाग ने 29 से 31 तक बारिश की जताई थी संभावना

शिमला  — प्रदेश में आज और कल मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 3 फरवरी को फिर से बारिश-बर्फबारी की उम्मीदें जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इस दौरान पहाड़ों पर एक दो स्थानों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।   चार से छह फरवरी तक मौसम शुष्क बना  रहेगा। बुधवार को प्रदेश में मौसम के मिजाज बदले दिखे। बादलों से अधिकतम तापमान में  गिरावट आंकी गई है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। शिमला, सुंदरनगर में 4.0, हमीरपुर धर्मशाला में 3.0, कांगड़ा, बिलासपुर और चंबा में 2.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है, जबकि न्यूनतम तापमान  मुकाबले उछाल आंका गया है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 29 से 31 जनवरी तक बारिश बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया था। मगर इस दौरान मौसम साफ बना रहा। ऐसे में लोगों को इस विंटर सीजन के दौरान फिर से बारिश बर्फबारी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 13.6, सुंदरनगर में 21.7, भ ुंतर में 21.5, कल्पा में 14.0, धर्मशाला  में 16.6, ऊना में 25.3, नाहन में 21.9, सोलन में 20.0, कांगड़ा में  21.1, बिलासपुर में 21.6, हमीरपुर में 21.8 और डलहौजी में 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मन मोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में पहली-दो फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। तीन फरवरी को राज्य में फिर से बारिश बर्फबारी होगी, जबकि राज्य में चार से छह फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। गौर हो कि बारिश न होने से खेतों से नमी कम होने लगी है,जो किसानों के लिए चिंता का विषय है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App