रामनगर में खेल मैदान बना दलदल

By: Feb 1st, 2018 12:05 am

धर्मशाला— खेल नगरी धर्मशाला के रामनगर वार्ड में आईपीएच विभाग के वाटर टैंकों के लीक हो रहे पानी से खेल मैदान दलदल बन गया है।  ऐसे में धर्मशाला में बच्चों को खेलने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नही, रामनगर-श्यामनगर के लोग भी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। सुबह-शाम सैर के लिए मैदान में अब कदम रखने को भी जगह उपलब्ध नहीं है। साथ ही रेत-बजरी रखने और पार्किंग के लिए खेल मैदान का प्रयोग किया जा रहा है।  नगर निगम धर्मशाला के 11 नंबर रामनगर वार्ड में शिव बिहार के खेल मैदान अपनी अति दयनीय हालत में पहुंच गया है। मैदान के साथ ही सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के पानी के टैंक भी स्थापित किए गए हैं। उक्त पानी के टैंकों से सैकड़ों मिलीलीटर पानी व्यर्थ में ही बह कर मैदान में पहुंच रहा है। पानी के अधिक मात्रा से पहुंचने पर मैदान का अधिकतर हिस्सा दलदल हो गया। है, जिसमें लोगों को चलने के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में खिलाडि़यों को खेलने के लिए कोई भी उचित स्थान नहीं बचा है। हालांकि नगर निगम धर्मशाला द्वारा खेल मैदान की दशा सुधारने के लिए एक वर्ष पहले शिलान्यास किया गया है, लेकिन अब तक कार्य शिलान्यास से आगे कतई भी नहीं बढ़ पाया है। मैदान के कुछेक क्षेत्र में ईंट, बजरी, रेत और निर्माण सामग्री रख दी गई है। साथ ही लोगों द्वारा मैदान को ही पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। शहर के खिलाडि़यों और स्थानीय लोगों में से अखिल गौतम, सागर, वीरेंद्र शर्मा, जतिन, जीवन लाल, नरेंद्र, अपूर्व कुमार और साहिल का कहना है कि खेल मैदान को जल्द विकसित कर खेलने के लिए उचित व्ययवस्था करवानी चाहिए। उधर, नगर निगम के डिप्टी मेयर देवेंद्र जग्गी ने बताया कि अब जल्द ही मैदान की सुधार के लिए कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App