लैंटल से गिरकर युवक की मौत

By: Feb 1st, 2018 12:05 am

कुन्नू में सीढि़यों से पैर फिसलने पर हादसा, पक्की दीवार से सिर टकराते ही थमी सांसें

पद्धर- उपमंडल की ग्राम पंचायत कुन्नू में मकान के लैंटल से गिरकर युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार तड़के हुआ। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में सोए हुए थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुन्नू रूहाणा निवासी रणजीत कुमार (25) पुत्र सौजू राम अपने ताया के मकान में सोया हुआ था। ताया के मकान में उसकी दो बहनें दूसरे कमरे में सोई हुई थीं। बुधवार सुबह रणजीत कुमार शौच जाने के लिए मकान की चौथी मंजिल से सीढि़यों से होते हुए नीचे उतर रहा था। सीढि़यों के पास खाली जगह पर पांव फिसलने से रणजीत नीचे खेतों में लगाई गई पक्की दीवार पर गिर गया। उसका सिर दीवार से टकराने से मौके पर मौत हो गई। बुधवार सुबह रणजीत की ताया की बेटियों ने कमरे में देखा तो वह वहां नहीं था। इस बीच करीब आठ बजे घर के किनारे खेतों में घास निकालने गई उसकी बहन की नजर खेतों में पड़े रणजीत पर पड़ी। वह खून से लथपथ पड़ा था। इस दौरान बहन के चिल्लाने पर परिवार और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। रणजीत की मौका पर मौत हो गई थी। परिवार के सदस्यों ने मामला पुलिस में ले जाने से मना कर दिया। पंचायत प्रधान प्रेम सिंह प्रीतू, स्थानीय वार्ड सदस्य रमा देवी, उप प्रधान हरदेव सिंह ठाकुर रणजीत की गिरकर हुई मौत पर दुख प्रकट किया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि रणजीत निर्धन परिवार और अनुसूचित जाति से संबंध रखता था। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार की प्रशासन और सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक मदद की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App