चंबा की उड़नपरी को सवा लाख
चंबा—उड़नपरी सीमा के सम्मान में शनिवार को पैतृक गांव रेटा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने सम्मान समारोह में सीमा को शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। हंसराज ने सीमा को सवा लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सहयोग राशि का चेक सीमा को उपलब्ध करवा दिया जाएगा। विस उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि जिला की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम काफी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने सीमा को बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश व जिला का नाम रोशन करने के लिए मुबारकबाद भी दी। इस दौरान उड़नपरी सीमा ने इलाके की कुछ समस्याओं को भी विस उपाध्यक्ष के समक्ष रखा। विस उपाध्यक्ष ने सीमा को भरोसा दिलाया कि चलूंज तक के मार्ग को जल्द पक्का करवा दिया जाएगा। इसके साथ ही एक बड़े प्लेग्राउंड का निर्माण भी करवाया जाएगा। इस दौरान विस उपाध्यक्ष ने लोगों की भी समस्याएं सुनी। उन्होंने लोगों को जल्द मांगों व समस्याओं का भरोसा दिलाया। इससे पहले विस उपाध्यक्ष का सम्मान समारोह में पधारने पर लोगों ने जोरदार स्वागत गया। इस मौके पर चुराह भाजपा मंडलाध्यक्ष तारा चंद समेत काफी तादाद में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App