अवैध धंधे वाले जरा संभल जाएं

By: Mar 7th, 2018 12:05 am

गगरेट —भाजपा मंडल गगरेट के अध्यक्ष पंडित राम मूर्ति शर्मा ने कहा कि किसी भी माफिया को क्षेत्र में फन फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अवैध कार्यों में संलिप्त लोग भी अब संभल जाएं क्योंकि विधायक राजेश ठाकुर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को किसी भी प्रकार का संरक्षण प्राप्त न हो। इसके विपरीत विधायक राजेश ठाकुर दिन में 16-16 घंटे जनता के बीच व्यतीत कर यह आभास करवाने का प्रयास कर रहे हैं कि उनका जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर है। यहां आयोजित पत्रकारवार्ता में पंडित राम मूर्ति शर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र गगरेट में कांग्रेस राज में माफिया राज ने पूरी तरह से पांव पसारे हुए थे और आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही थी, लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा सरकार सत्तासीन हुई है तब से जनता में आस प्रबल हुई है कि अब जनता की आवाज सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायक के पास जो भी व्यक्ति आ रहा है उसकी न सिर्फ बात सुनी जा रही है बल्कि उसकी समस्या पर त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई विधायक जनता के बीच जाकर 16-16 घंटे काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक ने विधानसभा क्षेत्र गगरेट को विकास की बुलंदी पर पहुंचाने के लिए रोड मैप तैयार कर लिया है और आने वाले समय में गगरेट क्षेत्र का चरणबद्ध तरीके से विकास करवाने के लिए विधायक ने अब कमर कस ली है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. श्याम वर्मा, जिला परिषद सदस्य रमेश हीर, सतपाल सिंह, प्रोमिला ठाकुर, राकेश जसवाल भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App