एक नजर

By: Mar 16th, 2018 12:00 am

हेलिकाप्टर हादसा आठ की जान गई

डाकार — अफ्रीका महाद्वीपीय देश सेनेगल में एक सैन्य हेलिकाप्टर आपात लैडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। सैन्य प्रवक्ता ए नदिये ने बयान जारी करके बताया कि एमआई 17 हेलिकाप्टर ने देश के दक्षिणी क्षेत्र कासमांस से राजधानी डाकार के लिए उड़ान भरी थी। उसे चेतावनी के संकेत मिले थे। आपात लैंडिंग के दौरान वह मिसिरा गांव में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। हेलिकाप्टर पर 20 लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों का  फिलहाल पता नहीं चल सका है।

अमरीका में प्लेन क्रैश, दो की मौत

वाशिंगटन — अमरीका में फ्लोरिडा के की वेस्ट समुद्री किनारे नौसेना का एक लड़ाकू विमान एफ/ए-18एफ सुपर हॉर्नेट दुर्घटनाग्रस्त होने से दो चालकों की मौत हो गई है। नौसेना ने एक बयान जारी बताया कि दुर्घटना के बाद चालकों के शवों को समुद्र से निकाला गया है। उन्होंने कहा कि वेस्ट नौसेना स्टेशन पहुंचने से पहले ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

स्लोवेनिया के पीएम ने दिया इस्तीफा

ल्युब्जाना — स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री मीरो सेरार अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। श्री सेरार का इस्तीफा सुप्रीम कोर्ट द्वारा गत सितंबर में हुए जनमत संग्रह के परिणाम को बुधवार देर रात रद्द किए जाने के कुछ घंटे बाद आया है। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन तक वह इस पद पर बने रहेंगे। स्लोवेनिया में इस वर्ष जून में चुनाव होने हैं।

बोल्विया की जेल में झड़प, छह की मौत

लापेज — दक्षिणी अमरीकी बोल्विया के सांताक्रूज में पालमसोला जेल में पुलिस की खोज का विरोध करने के दौरान कम से कम छह कैदियों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। पुलिस कमांडर फॉस्तिनो मेंडोजा ने कहा कि करीब 20000 हजार पुलिसकर्मियों ने अग्निशमन हथियार, शराब और की तलाशी के लिए जेलों में प्रवेश किया। इस दौरान कैदियों और पुलिसकर्मियों की झड़प हो गई, जिसमें छह कैदियों की मौत हो गई। जेल में करीब 5000 पुरुष और महिलाएं कैदी रहते हैं। इससे पहले 2013 में भी कैदियों के बीच हुए संघर्ष में 34 लोग मारे गए थे।

एयर इंडिया का ट्विटर हैंडल हैक

नई दिल्ली  — सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया का ट्विटर हैंडल गुरुवार तड़के हैक हो गया, हालांकि बाद में उसे रिस्टोर कर लिया गया। कंपनी के बयान में कहा गया है कि गुरुवार तड़के एयर इंडिया ट्विटर हैंडल हैक हो गया था। अब हैंडल पूरी तरह काम कर रहा है। उसने आश्वस्त किया है कि अब हैंडल पर कोई साइबर खतरा नहीं है तथा सभी जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाए गए है। एयर इंडिया ने कहा है कि वह मामले की आंतरिक जांच कर रही है।  इससे पहले  एयर इंडिया के ट्विटर हैंडल पर संदेश में लिखा गया था कि हमारी सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और अब हम आगे से टर्किश एयरलाइंस के लिए उड़ान भरेंगे। हैक करने वाले ने इस संदेश में एक लोगो भी लगा रखा था, जिसके नीचे ‘तुर्क हावा योलार’ लिखा हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App