कुनिहार के जवान पंचतत्त्व में विलीन

By: Mar 11th, 2018 12:10 am

नौ जाट रेजिमेंट में तैनात जवान ने लंबी बीमारी के बाद जतोग में ली आखिरी सांस

कुनिहार— कुनिहार के पास सहवार गांव के नौ जाट रेजिमेंट भारतीय सेना में कार्यरत आशीष चौधरी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे यह जवान कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार को प्रातः पांच बजे उन्होंने आखिरी सांस ली और पंचतत्त्व में विलीन हो गए। 24 वर्षीय आशीष चौधरी तीन वर्ष पहले भारतीय सेना मे भर्ती हुए थे। सेवाओं के दौरान ही वह अस्वस्थ चल रहे थे, जिस कारण उनका इलाज सेना अस्पताल जतोग में चल रहा था। शुक्रवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई छोड़ गए हैं। अंतिम सम्मान के दौरान 22 राजपूत रेजीमेंट के सूबेदार मैनपाल, हवलदार महिपाल, नायक छोटेलाल व अन्य सेना के जवानों ने उन्हें सलामी दी। ग्रामीणों में मलाल है कि देश के लिए अपनी जान तक न्योछावर करने वाले जवानों के अंतिम सम्मान के लिए स्थानीय प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों में ओम प्रकाश चौधरी, बलवीर, मोहन सिंह चौधरी, नारायण सिंह, जीतराम आदि ने कहा कि ऐसे वक्त पर स्थानीय प्रशासन एवं राजनीतिक पार्टियों के आला नेताओं को यहां आकर जवान की अंतिम यात्रा में शामिल होना चाहिए था। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि सहवार गांव में सेना के जवान की मृत्यु हुई है। इसकी सूचना देरी से मिली है, सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों को आदेश दे दिए कि वे जाएं और अंतिम सम्मान में शामिल हों।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App