गुलाल बरसाकर जमकर खेली होली

By: Mar 3rd, 2018 12:07 am

मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रशासन-लोगों ने उठाया लुत्फ

सुजानपुर – सुजानपुर में मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जिला प्रशासन तथा स्थानीय लोगों ने गुलाल बरसाकर जमकर होली खेली। इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने होली खेलने के उपरांत कहा कि होली महोत्सव का स्वरूप केवल धार्मिक, सामाजिक आर्थिक व शैक्षणिक ही नहीं बल्कि ये सांस्कृतिक संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। भारत में होली उत्सव विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न नामों व स्वरूपों में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की होली का अपना ही महत्त्व है। इस क्षेत्र में होली उत्सव को व्यापक रूप से मनाने व होली मेले के शुभारंभ का श्रेय महाराजा संसार चंद (1775-1823 ई.) को जाता है। उन्होंने कहा कि महाराजा संसार चंद होली महोत्सव को जनता के साथ आत्मीयता व प्रेमभाव स्थापित करने का आधार भी मानते थे, महाराजा संसार चंद अपनी प्रजा के साथ मिलकर होली उत्सव को मनाते थे। महाराजा संसार चंद के शासनकाल में जो आश्रय व अधिमान इस पर्व को मिला वह हिमाचल प्रदेश के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि इन मेलों का हमारे सामाजिक आर्थिक व धार्मिक जीवन से सीधा संबंध है। इससे पहले उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि महाराजा संसार चंद द्वारा प्रारंभ की गई सुजानपुर होली की इस समृद्ध परंपरा को स्थानीय जनता, प्रशासन व सरकार के प्रयासों से वर्तमान स्वरूप प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा नगर परिषद के पदाधिकारी, स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App