जंगलों को आग से बचाने को रैली

By: Mar 21st, 2018 12:05 am

 हमीरपुर  —गर्मियों के मौसम में वनों को आग से बचाने के लिए वन विभाग द्वारा मंगलवार को एनआईटी से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को विधायक नरेंद्र ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एसपी रमन कुमार मीणा, मुख्य वन अरण्यपाल अनिल जोशी, जिला वन अधिकारी प्रीति भंडारी, जिला वन अधिकारी हैडक्वार्टर केके गुप्ता भी मौजूद रहे। जागरूकता रैली में विभाग के कर्मचारियों के अतिरिक्त स्थानीय महिला मंडल तथा पंचायती राज से जुडे़ पदाधिकारियों ने भाग लिया। रैली में विधायक स्वयं भी शामिल हुए। चिल्ड्रन पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस बार ज्यादा गर्मी के कारण वनों में आग का ज्यादा खतरा बना रहेगा। प्रदेश सरकार द्वारा जंगलों को आग से बचाव के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता बहुत जरूरी है। हमारे में से ही कुछ लोग खुद ही जंगलों में आग लगाते हैं, ताकि ज्यादा घास पैदा हो, लेकिन इससे बहुत बड़ा नुकसान होता है। इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। ग्लोबल वार्मिंग की सबसे बड़ी वजह जंगलों की आग है।  जिला वन अधिकारी प्रीति भंडारी ने बताया कि विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर लोगों को जंगलों की आग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जा रहे हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App