जंजैहली विवाद का सहमति से समाधान

By: Mar 12th, 2018 12:08 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, पुतले जलाना और नारेबाजी करना सराज क्षेत्र की संस्कृति नहीं

थुनाग – सराज विधानसभा दौरे के दूसरे दिन फिर मुख्यमंत्री ने जंजैहली मसले की टीस जगजाहिर की। उन्होंने जंजैहली विवाद पर पुनः सौहार्दपूर्ण संवाद पर बल दिया, ताकि आपसी सहमति से इसका समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि कुछ लोग क्षेत्र के लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जिससे किसी का भी हित नहीं होगा। पुतले जलाना तथा नारेबाजी इस क्षेत्र के लोगों की संस्कृति नहीं है। मुख्यमंत्री ने दोटूक कहा वह इस मसले पर ज्यादा कुछ नहीं बोलना चाहते। उन्होंने कहा कि सराज की जनता ही हिमाचल की मुख्यमंत्री है और अब वही यहां की पारी संभालेगी। अगली बार सराज आउंगा तो जंजैहली का दौरा जरूर करूंगा। जंजैहली विवाद के बीच दो दिवसीय प्रवास पर सराज पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह सधे हुए शब्द भाटकीधार में जनता को संबोधित करते हुए कहे। दूसरे दिन भी एक ओर जंजैहली मसले पर मुख्यमंत्री की टीस बाहर आई तो दूसरी ओर उन्होंने सराज की जनता को ही सरताज बताते हुए कहा कि पूरा सराज ही मेरा घर है। मुझ पर अब मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने रविवार को लंबाथाच, बागाचनोगी, भाटकीधार में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाला साधते हुए कहा कि देश के लोगों ने कांग्रेस तथा अन्य दलों को नकार दिया है। भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत से पुनः विजयी होगी और हिमाचल की भी चारों सीटों पर भगवा ही लहराएगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक जवाहर ठाकुर तथा प्रकाश राणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, मुख्यमंत्री की पत्नी डा. साधना ठाकुर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

ठाकुर, राणा एक ही

जयराम ठाकुर जनसभा को संबोधित हुए अपने साथ आए हुए विधायकों के नाम ले रहे थे तो उन्होंने जोगिंद्रनगर के विधायक को प्रकाश ठाकुर बोल दिया और फिर हंसते हुए उन्होंने बोला ठाकुर राणा एक ही तो होते हैं।

चित हुई कांगे्रस

मुख्यमंत्री ने भाटकीधार में जनसभा को संबोधित करते हुए कि सांसद रामस्वरूप शर्मा कबड्डी के खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले चुनावों में ऐसी कबड्डी रेड मारी कि कांग्रेस चित हो गई।

मैं मूंछ वाला सीएम

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब हिमाचल के लिए मुख्यमंत्री का चयन हाईकमान कर रही थी तो उसमें टीबी में मेरा नाम भी सीएम की रेस में आ रहा था। सराज से मेरी किसी समर्थक का फोन आया कि आज से पहले जो भी मुख्यमंत्री रहे हैं, वे बिना मूछ वाले रहे हैं। इसलिए आप अपनी मूछे मुंडवा लो, लेकिन आज हिमाचल मैं मूंछ वाला मुख्यमंत्री बना हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App