डा. अरुण राज्यपाल के सचिव

By: Mar 23rd, 2018 12:02 am

राजेश शर्मा से वापस लिया कार्यभार, दिल्ली से लौटेंगे राम सुभग

शिमला— प्रदेश सरकार ने शिक्षा सचिव डा. अरुण कुमार शर्मा को राज्यपाल के सचिव पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। वह वर्ष 2000 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अभी तक यह कार्यभार राजेश शर्मा देख रहे थे, जिनके पास निदेशक उद्योग का भी अतिरिक्त दायित्व था। अब आईएएस राजेश शर्मा निदेशक उद्योग ही रहेंगे। वह वर्ष 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राजेश शर्मा काफी समय से राज्यपाल के सचिव रहे। उधर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम सुभग सिंह भी हिमाचल वापस लौट रहे हैं। वह मौजूदा समय में दिल्ली में हैं, जहां पर उनकी प्रतिनियुक्ति का समय समाप्त हो गया है। प्रदेश के कार्मिक विभाग ने राम सुभग सिंह को इस संदर्भ में हिमाचल लौटने के लिए लिखा था, जिस पर उन्होंने हामी भरी है।  माना जा रहा है कि अप्रैल में वह हिमाचल में ज्वाइनिंग दे देंगे। प्रदेश सरकार भी चाहती है कि दिल्ली में काफी समय से तैनात अधिकारी अब लौटें, क्योंकि यहां पर अधिकारियों की कमी खल रही है।  हाल ही में वरिष्ठ अधिकारी तरुण श्रीधर भी दिल्ली चले गए, जिसके बाद यहां और कमी हो गई। राम सुभग सिंह के लौटने से प्रशासनिक मशीनरी को कुछ राहत मिलेगी। जल्द ही कुछ अन्य अधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति का समय समाप्त हो जाएगा। यहां बता दें कि कुछ अधिकारी इस साल में सेवानिवृत्त भी होने हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी अजय मित्तल हाल ही में केंद्रीय सेवा में रहते हुए ही रिटायर हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App