निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे नड्डा

By: Mar 16th, 2018 12:08 am

शिमला— केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा गुरुवार को राज्यसभा के लिए दूसरी बार चुन लिए गए। उनका चयन सर्वसम्मति से हुआ। गुरुवार कोनाम वापसी का आखिरी दिन था और नड्डा के खिलाफ किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया था, लिहाजा चुनाव अधिकारी ने उनको राज्यसभा सदस्य का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र हासिल करने पहुंचे जगत प्रकाश नड्डा ने प्रक्रिया पूरी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल के विकास के लिए भाजपा कृतसंकल्प है, जिसमें केंद्र सरकार का पूरा योगदान हिमाचल की जयराम सरकार को मिल रहा है और मिलता रहेगा। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का उनके चयन के लिए आभार जताया और यहां सत्तापक्ष व विपक्ष दोनों का सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा दिल्ली भेजने के लिए आभार जताया। नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने प्रदेश को 90:10 के अनुपात में केंद्रीय सहायता दी है, जो जारी रहेगी। इस अवसर पर उनके साथ धर्मपत्नी मालविका नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज व कई अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App