पशुपालन से दोगुनी होगी आमदनी 

By: Mar 25th, 2018 12:02 am

गैरसैंण विधानसभा में उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने अधिकारियों संग की विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

देहरादून— नेशनल लाइवस्टॉक मिशन के अंतर्गत राज्य स्तरीय समिति ने 6.26 करोड़ रुपए का अनुमोदन प्रदान किया। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में भराड़ीसैंण विधानसभा स्थित अपने कक्ष में आयोजित बैठक में मंजूरी दी गई। शुक्रवार को देर सायं विधानसभा सत्र के बाद मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग की ईएफसी की। इसके बाद पशुपालन विभाग की बैठक में वर्ष 2018-19 के लिए नेशनल लाइवस्टॉक मिशन के परियोजनाओं को अनुमोदित किया। मुख्य सचिव ने कहा वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन एक महत्त्वपूर्ण जरिया हो सकता है। निर्देश दिए कि मिशन के जरिए ज्यादा से ज्यादा पशुपालकों को लाभ पहुंचाया जाय। अधिक से अधिक पशुओं का बीमा कराया जाए। सचिव पशुपालन श्री आरण्मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि 3.88 करोड़ रुपए का प्रस्ताव पशु बीमा के लिए किया गया है। अभिनव मुर्गी पालन परियोजना के लिए दो करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सरकारी और व्यक्तिगत भूमि पर 37.20 लाख रुपये से पशु चारे का इंतजाम किया जाएगा। इस वर्ष 3.88 करोड़ रुपए से 12920 पशुओं का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को और अधिक बढ़ाया जाएगा। दो करोड़ रुपए से बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और रुद्रप्रयाग जनपदों के आठ ब्लॉकों में मुर्गी पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। पशुचारा विकास के लिए गौचर में 20 एकड़, राजकीय फार्म में 26 एकड़ और व्यक्तिगत एक एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेेंद्र सिंह रावत ने भराड़ीसैंण; गैरसैंण स्थित कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों एवं अधिकारियों के निर्मित आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने वन एवं उद्यान विभाग को आपसी समन्वय से विधानसभा परिसर में फूलों के पौधों एवं वृक्षों का रोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भराड़ीसैंण में आवासों का निर्माण व्यवस्थित ढंग से किया गया है। इस क्षेत्र की सुन्दरता को बनाये रखने के लिये वृक्षारोपण किया जाए। हरियाली को विकसित कर इस क्षेत्र को सुन्दर बनाया जाए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव राधिका झा उपस्थित थी।  इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधायक बंशीधर भगत के आवास में जाकर उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्री भगत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App