पोलीटेक्नीक कालेज पर सीएम करेंगे विचार

By: Mar 18th, 2018 12:05 am

 करसोग —पोलीटेक्नीक कालेज करसोग में ही खोलने का आश्वासन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा दिए जाने पर भाजपा मंडल करसोग कार्यकारिणी ने उनका आभार जताया है। गौरतलब है कि पोलीटेक्नीक कालेज वाली रद्द की गई अधिसूचना को बहाल करने के लिए शुक्रवार को करसोग के विधायक हीरा लाल के नेतृत्व में भाजपा मंडल करसोग की पूरी कार्यकारिणी शिमला पहुंची हुई थी। इस प्रतिनिधि मंडल में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मीमा कश्यप, जिला सचिव व भाजपा वरिष्ठ नेता कमल ठाकुर, उपाध्यक्ष डीएन वर्मा, पांगणा से युवा भाजपा नेता व उपाध्यक्ष निर्मल ठाकुर, उपाध्यक्ष हरि नारायण ठाकुर, कौल राम, भाजपा मंडल महामंत्री सोहन शर्मा, खुशी राम ठाकुर, प्रेस सचिव देवी दत्त ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य युवराज पोरला, चरण दास, प्यार सिंह, भीम सिंह, बुद्धि सिंह, सुरेश, एससी मोर्चा अध्यक्ष रीता देवी, मोहन गांधी, सुनीता, सतीष कुमार सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। विधायक हीरा लाल ने ‘दिव्य हिमाचल’ को जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पोलीटेक्नीक कालेज की रद्द हुई अधिसूचना पर प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया है कि करसोग का पोलीटेक्नीक कालेज बहाल रखा जाएगा। बिना बजट के पोलीटेक्नीक कालेज को भाजपा सरकार बजट प्रदान करते हुए करसोग मुख्यालय पर मूर्त रूप देगी। पोलीटेक्नीक कालेज के पद स्वीकृत किए जाएंगे तथा भवन निर्माण के लिए भूमि स्थानांतरण कार्य तेज किया जाएगा, जिसको लेकर भाजपा मंडल करसोग की पूरी कार्यकारिणी व प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर जयराम का आभार जताया व जल्द ही करसोग आने का निमंत्रण दिया। विधायक हीरा लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि करसेग का पोलीटेक्नीक कालेज आगामी दिनों में जल्द ही करसोग पहुंच कर क्षेत्र की जनता को उपहार के रूप में दिया जाएगा ताकि इस क्षेत्र के युवा बहुतकनीकी शिक्षा स्थानीय स्तर पर प्राप्त कर सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App