बर्फ में फंसे सैलानी सुरक्षित निकाले

By: Mar 23rd, 2018 12:02 am

हिक्किम में एकाएक हिमपात में फंस गया था ईस्ट मुंबई का दंपति

केलांग— ईस्ट मुंबई के गोरे गांव से स्पीति घूमने आए मंयक लिंकर-अमूधा लिंकर हिक्किम में अचानक शुरू हुई बर्फबारी में फंस गए गए, जिन्हें प्रशासन ने सुरक्षित निकाल लिया है। बुधवार देर रात को पुलिस कंट्रोल रूम से जैसे ही स्पीति प्रशासन को  सूचना मिली कि कुछ पर्यटक घाटी के हिक्किम में बर्फबारी में फंस गए है। प्रशासन ने रात को ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। खराब मौसम के चलते पुलिस की टीम जहां सैलानियों से संपर्क नहीं साध पा रही थी, वहीं पहचान के नाम पर सिर्फ पुलिस कंट्रोल रूम से भेजी गई उनकी अंतिम लोकेशन हिक्किम  थी। ऐसे में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस रेस्क्यू टीम को निर्देश दिए की सैलानियों की अंतिम लोकेशन को लीड मान उन्हें तलाशने का अभियान शुरू करें। बर्फबारी के बीच शुरू हुए इस रेस्क्यू आपरेशन को पुलिस जवानों ने अंजाम तक पहुंचाते हुए सैलानियों को हिक्किम में तलाश लिया। कोमिक की तरफ पड़ने वाले हिम्किम में जब रेस्क्यू टीम पहुंची तो उन्होंने पाया कि एक सैलानी जोड़ा बर्फबारी के बीच किसी तरह अपनी जान बचाए हुए है। रेस्क्यू टीम  ने तुरंत इस सैलानी दंपति को प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित काजा ले आए। रेस्क्यू टीम ने रात में ही इस अभियान को अंजाम दे दिया है। एडीसी काजा विक्रम नेगी का कहना है कि प्रशासन को जैसे ही हिक्किम  में सैलानियों के बर्फबारी के बीच फंसे होने की सूचना मिली प्रशासन ने रेस्क्यू टीम को हिक्किम के लिए रवाना कर दिया। उन्होंने कहा कि इस बार घाटी में बर्फबारी कम हुई है और सैलानी भी किसी को सूचित किए बिना ही हिक्किम की तरफ घूमने निकल गए थे। श्री नेगी ने बताया कि   करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम सैलानी जोड़े के पास पहुंच गई और उन्हें सुरक्षित काजा पहुंचा दिया गया। उधर, एसपी राजेश धर्माणा का कहना कि पुलिस जवानों ने सैलानी दंपति को सुरक्षित काजा पहुंचा दिया है। रेस्क्यू टीम में हैड कांस्टेबल सुशील कुमार, शुभम नेगी व हेमराज शामिल थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App