मंत्री के पास ‘पहुंची’ करसोग नगर पंचायत

By: Mar 8th, 2018 12:05 am

 

करसोग   —नगर पंचायत करसोग की समस्याओं को लेकर बुधवार को स्थानीय विधायक हीरा लाल प्रदेश शहरी निकाय मंत्री सरवीण चौधरी से शिमला में मिले तथा कुछ साल पहले नगर पंचायत का रूप ले चुके उपमंडल मुख्यालय करसोग पर कई समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस मौके पर उनके साथ भाजपा मंडल करसोग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन गुप्ता व अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। विधायक हीरा लाल व भाजपा मंडल करसोग के उपाध्यक्ष मनमोहन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत करसोग में अध्यक्ष का पद आरक्षित महिला के लिए रखा हुआ है परंतु उक्त वार्ड जहां से आरक्षित महिला का चुनाव भी आरक्षित रखा गया हुआ था उस वार्ड में चुनाव नहीं होने के कारण नगर पंचायत करसोग का अध्यक्ष पद कई सालों के बाद भी खाली पड़ा हुआ है, जिसका कोई समाधान निकाला जाए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के उपाध्यक्ष पद का चुनाव करने के लिए नगर पंचायत के तीन निर्वाचित सदस्यों द्वारा लिखित प्रस्ताव लगभग दो महीने पहले उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग के माध्यम से सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि नगर पंचायत में विकास कार्य तेज गति से चलाया जा सके। भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष मनमोहन गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद का चुनाव करने के लिए जो प्रस्ताव तीन सदस्यों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन के माध्यम से सरकार को भेजा है उस पर कार्रवाई अमल में लाते हुए आगामी दिशा-निर्देश दिए जाएं। बताया गया कि नगर पंचायत करसोग के सात वार्डों में से पांच वार्डों के चुनाव पूर्ण हो चुके हैं तथा उसी के चलते तीन सदस्यों ने उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने को लेकर प्रस्ताव दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की स्थापना लगभग छह वर्ष पहले होने के बावजूद अभी तक कोई स्टाफ  नियमित तौर पर तैनात नहीं किया गया है। इस कारण स्थानीय लोगों को अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसके चलते नगर पंचायत करसोग को मूर्त रूप देने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाए व विकास कार्यों की स्वीकृति होते हुए तेज गति प्रदान की जाए। विधायक हीरा लाल ने कहा कि प्रदेश की शहरी निकाय मंत्री सरवीण चौधरी से आश्वासन मिला है कि प्रदेश सरकार नगर पंचायत के माध्यम से करसोग का विकास करने संबंधी जो भी उचित कार्रवाई है वह जल्द अमल में लाई जाने संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। जो प्रस्ताव उपाध्यक्ष पद का चुनाव करने के लिए मिला है उस पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App