मोबाइल से पढ़ाना सीख रहे गुरु

By: Mar 31st, 2018 12:01 am

टीचर ऐप के जरिए अध्यापन की बारीकियां जान रहे शिक्षक

सुंदरनगर  – शिक्षा में गुणवत्ता लाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश सरकार ने टीचर ऐप लांच की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बीआरसी खंड प्राथमिक शशि शर्मा ने कहा कि पहली से आठवीं तक के शिक्षक अपने स्मार्ट फोन पर इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। मंडी जिला में ही अभी तक 1314 शिक्षक इसका प्रयोग कर रहे हैं। बाकी शिक्षकों ने अभी तक यह ऐप डाउनलोड नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से अध्यापक पढ़ाने के नए-नए तरीके सीख सकेंगे। यह ऐप विज्ञान और गणित विषय को और रोचक बनाने के लिए और इसके फार्मूले आदि आसानी से सिखाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि इस ऐप को छत्तीसगढ़ में सबसे पहले लागू किया गया था। छत्तीसगढ़ के लगभग 65 हजार शिक्षक इसका इस्तेमाल करते हैं। हिमाचल प्रदेश में यह ऐप शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने लांच की थी। शिक्षा विभाग सभी अध्यापकों को अपने फोन में इस ऐप को डाउनलोड करने का आग्रह कर रहा है। इस संबंध में सभी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस ऐप के ऊपर शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने से संबंधित सामग्री मुफ्त में उपलब्ध होगी, जो एक बार डाउनलोड करने के बाद ऑफलाइन मोड में भी उपलब्ध रहती है। यूपी में 40 घंटे का पाठ्यक्रम गणित, विज्ञान, भाषा और साहित्य आदि विषयों के संदर्भ में इसमें मौजूद है। यह ऐप वर्ष 2020 तक लगभग 1000 घंटे की सामग्री उपलब्ध करवाने में सक्षम होगा। इस ऐप के माध्यम से शिक्षक विभिन्न विषयों पर चर्चा में भी भाग ले सकता है। टीचर ऐप के माध्यम से फीडबैक भी दे सकता है। शशि शर्मा ने कहा यह ऐप सभी अध्यापकों के लिए बहुत उपयोगी है और इस ऐप का उपयोग करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण करने में मदद मिल सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App