रोहतांग में अढ़ाई फुट हिमपात

By: Mar 16th, 2018 12:05 am

केलांग में भी गिरी एक फुट बर्फ, मनाली-लेह मार्ग से बर्फ हटाने का काम बंद

मनाली/ लाहुल— बर्फीले रेगिस्तान लाहुल में पारा एक बार फिर जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। बुधवार रात से जारी बर्फबारी ने कबायली जिला लाहुल-स्पीति में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर डाला है। जिला मुख्यालय केलांग में गुरुवार शाम तक एक फुट, कोकसर में डेढ़ फुट, रोहतांग में अढ़ाई फुट, कुंजम दर्रा में दो फुट, बारालाचा में अढ़ाई फुट बर्फबारी दर्ज की गई थी। बीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार मनाली-लेह मार्ग पर बर्फ हटाने का कार्य भी भारी बर्फबारी के चलते बंद कर दिया गया है। यहीं नहीं, कबायली जिला में मौसम खराब होने से कई क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है, वहीं दूर संचार व्यवस्था के भी चरमरा जाने से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। खराब मौसम ने कबायलियों के दिलों में जगी इस बार जल्दी रोहतांग बहाली की उम्मीद को भी तोड़ डाला है। घाटी में दूरसंचार व्यवस्था ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार लाहुल में बुधवार रात से ही बिजली की आंखमिचौनी का दौर चल रहा है, जिसे लेकर कबायली खासे परेशान हैं। लोगों का कहना है कि मौसम के खराब होते ही जहां बर्फबारी का दौर घाटी में शुरू हो गया, वहीं विद्युत बोर्ड की व्यवस्था की पोल भी खुल गई है। शीत मरुस्थल में रहने वाले बाशिंदों को खराब मौसम ने घरों में कैद कर दिया है। घाटी की तोद वैली, चंद्रा वैली, पटन वैली व मयाढ़ वैली में बर्फबारी होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार लाहुल में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा भी बर्फबारी के कारण गुरुवार को प्रभावित हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App