लो जी! मैहतपुर में टै्रफिक प्रभारी ही नहीं

By: Mar 21st, 2018 12:05 am

 ऊना —हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार पर स्थित मैहतपुर पुलिस चौकी में ट्रैफिक प्रभारी का पद रिक्त होने के चलते यातायात व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मैहतपुर पुलिस चौकी में बाजार की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए मात्र दो ट्रैफिक कर्मचारी ही ड्यूटी पर लगाए गए हैं। जिन्हें यातायात व्यवस्था को चलाने के साथ-साथा चालान व अन्य कार्यों को भी करना पड़ता है। इस प्रकार से 24 घंटे इस व्यवस्था में जुटे कर्मियों को कई प्रकार की परेशानियां सामने आ रही हैं। ट्रैफिक बढ़ने के साथ-साथ ट्रैफिक कर्मचारियों की कमी भी खलने लगी है। वहीं मौजूदा समय में ट्रैफिक प्रभारी का पद रिक्त होने के चलते भी तमाम कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ट्रैफिक इंचार्ज का पद रिक्त होने के चलते यातायात व्यवस्था पर तो प्रभाव पड़ता ही है। वहीं ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को लगातार 12-12 घंटे ड्यूटी देनी पड़ रही है। इतनी ज्यादा ड्यूटी के बाद भी इन कर्मचारियों से चौकी का काम भी लिया जा रहा है। जहां तैनात पहले टै्रफिक इंचार्ज शेर सिंह की प्रोमोशन होने के बाद तबादला हो गया है, जिसके बाद अब तक ट्रैफिक प्रभारी का पद खाली चल रहा है।  मैहतपुर प्रदेश का प्रवेशद्वार होने के चलते इस मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में ट्रैफिक इंचार्ज की तैनाती न हो पाना पुलिस प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली को दर्शाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App