सूमो लुढ़की, तीन घायल

By: Mar 7th, 2018 12:05 am

डलहौजी, बनीखेत — डलहौजी- बलेरा- चुवाड़ी मार्ग पर मंगलवार सवेरे एक टाटा सूमो के अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरने से तीन लोग घायल हो गए। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक को डलहौजी में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रैफर कर दिया गया है, जबकि दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार टाटा सूमो वाहन मंगलवार सवेरे बलेरा के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। परिणामस्वरूप वाहन में सवार चालक आकाश और अमित कुमार व गगन कुमार घायल हो गए। वाहन गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को उठाकर उपचार के लिए डलहौजी अस्पताल भिजवाने के साथ पुलिस को सूचित किया। डलहौजी अस्पताल में घायल चालक की गंभीर हालात को देखते हुए टांडा भेज दिया है। पुलिस ने आरंभिक जांच के आधार पर चालक के खिलाफ  भादंसं की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज किया है। उधर, जिला पुलिस कप्तान डा. मोनिका ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि डलहौजी थाना में मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App