होलिका दहन के साथ ही फाग संपन्न

By: Mar 4th, 2018 12:05 am

 आनी —बुराई पर अच्छाई व अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक आनी के बटाला का प्राचीन एवं ऐतिहासिक फाग मेला शरद पूर्णिमा की पावन बेला पर होलिका दहन की रस्म के साथ धूमधाम से सम्पन्न हो गया। आनी के जलोड़ी क्षेत्र की पंचायत खणी के ब्राह्मण बहुल गांव बटाला में स्थित ठाकुर मुरलीधर के प्रांगण में मनाए जाने वाले फाग मेले की अपनी ही ऐतिहासिकता है। गांव के लोग होली पर्व के एक दिन पूर्व भगवान ठाकुर मुरलीधर के साथ ब्रज की भांति ही होली खेलते हैं। इस वर्ष की परंपरा में गुरुवार को ठाकुर मुरलीधर के मंदिर में प्रातः ब्राह्मण पुजारियों द्वारा कृष्ण जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर उनकी आरती उतारी गई और दिन में सभी गांववासियों ने कृष्ण जी के साथ होली खेल प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया। सायंकाल में भगवान कृष्ण जी के मंदिर को सुंदर ढंग से सजाया गया और पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-नगाडे़, करनाल व नरसिंगे की थाप, शंख व घंटा की मधुर गूंज के साथ कृष्ण जी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात महिला, पुरुष तथा अन्य भक्त मंदिर में एकत्रित हुए और ब्राह्मण पं. अनूपराम शर्मा, बेलीराम शर्मा, हरिनंद शर्मा, चुन्नी लाल शर्मा, जोवन दास सहित अन्य कई ब्राह्मणों ने ढोलकी, हारमोनियम, चिमटा व कंसी की तान पर कृष्ण जी को समर्पित ब्रह्म भक्ति गीतों की झडी लगाई, जिनमें होली गीत ‘राजा बली के द्वारे मची होली..’ ‘बाजे शब्द प्रह्लाद’ ‘वासूकीनाग की होली..’ सहित अन्य कई ब्रह्म भक्ति गीत पेश किए गए, जिन पर कई भक्त कृष्ण जी की भक्ति धारा में डूब कर झूम उठे। भजन-कीर्तन का यह दौर अखंड व निर्वाद रूप प्रातःकाल तक चलता रहा। वहीं, रात करीब बारह बजे मंदिर प्रांगण में वाद्य यंत्रों की गूंज गुंजायमान हुई और इसी बीच सैकड़ों पुरुष व महिलाओं ने गोल दायरे में नाटी नृत्य किया। इस प्रकार बुराई पर अच्छाई व अधर्म पर धर्म की विजय की प्रतीक बटाला का फाग उत्सव धूमधाम से सम्पन्न हो गया और लोग अपने घरों को लौट गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App