होली है…जमकर उड़ा अबीर-गुलाल

By: Mar 4th, 2018 12:05 am

घुमारवीं – रंगों का त्योहार होली जिला बिलासपुर में हर्षोल्लास से मनाया। हर गली-मोहल्ले तथा गांव-गांव में लोग होली के रंग में रंगे रहे। लोगों ने खूब रंग उड़ाकर एक-दूसरे को बधाई दी। होली पर युवाओं की टोलियां डीजे की धुनों पर थिरकती रहीं। बैंड-बाजों व ढ़ोल-नगाड़ों पर होली खेलने वालों की टोलियों ने जमकर डांस कर जश्न मनाया। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जिलाभर में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाया। घुमारवीं, बरठीं, शाहतलाई, झंडूता, भगेड़, भराड़ी, डंगार, श्रीनयनादेवीजी, जुखाला, नम्होल, मलोखर, कुडेड़ा, घागस व बरमाणा सहित अन्य क्षेत्रों में होली की धूम रही। शुक्रवार सुबह ही बच्चों व युवाओं की टोलियां घरों से निकल गई थीं। हाथों में रंगों के पैकेट लेकर लोग गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे। रंगों के पर्व को लेकर सबसे अधिक क्रेज बच्चों में था। बच्चे पिचकारियों में रंग भरकर एक-दूसरे पर डाल रहे थे। शुक्रवार सुबह से चला ंगों से खेलने का सिलिसिला शाम तक चलता रहा।

महिलाएं भी नहीं रहीं पीछे

रंगों का पर्व होली को मनाने के लिए महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। महिलाओं ने भी होली पर जमकर रंग उड़ाए तथा एक-दूसरे के गाल गुलाल से लाल किए। महिलाओं ने रंग लगाकर होली के त्योहार की बधाई भी दी।

बाइकों पर निकलीं टोलियां

होली मनाने के लिए युवा बाइकों पर सवार होकर टोलियों में घूम रहे थे। एक-दूसरे स्थान पर जाकर दोस्तों को रंग लगाकर खूब मस्ती कर रहे थे। बाइकों पर सवार होकर होली मनाने वाले युवाओं के शोर से शहर से गांव गूंजयमान रहे।

लोगों ने घर-घर जाकर दी बधाई

लोगों ने एक-दूसरे के घर पर होली पर्व की बधाई दी। रंग-बिरंगे रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं। फिर होली खेलने के लिए बनी टोलियां घर-घर पहुंचने लगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने इस होली पर्व पर खूब जश्न मनाया।

मंदिरों में भीड़, देवताओं को भी लगाया रंग 

होली पर्व पर रंगों में रंगे लोग मंदिरों में पहुंच रहे थे। जहां पर लोगों ने शीश झुकाकर माथा टेका तथा सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान लोगों ने भगवान को भी रंग लगाकर खुशी का इजहार किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App