500 करोड़ का एक और कर्ज लेगी सरकार

By: Mar 3rd, 2018 12:06 am

चौथी बार लिया जा रहा लोन, कुल 53 हजार करोड़ का देनदार हो जाएगा हिमाचल

शिमला— हिमाचल सरकार और कर्ज लेने की तैयारी में है। सरकार ने 500 करोड़ का एक और लोन आरबीआई से मांगा है। यह मौजूदा भाजपा सरकार का चौथा कर्ज है। इसके साथ ही मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लोन का आंकड़ा 2000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। सरकार ने हाल ही में 500 करोड़ रुपए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से लिए थे, इसके बाद गुरुवार को फिर से 500 करोड़ के लोन के लिए आवेदन कर दिया है। राज्य सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपए का और लोन आरबीआई के माध्यम से लिया जाएगा। अभी तक मौजूदा सरकार तीन बार लोन ले चुकी है और इसके साथ ही मौजूदा समय में ही भाजपा सरकार का लोन 2000 करोड़ के आंकड़े को छू जाएगा, वहीं प्रदेश सरकार पर इसके साथ ही कर्ज का भार भी 53 हजार करोड़ तक पहुंच जाएगा। सरकार ने पिछली दफा लोन कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की किस्त देने और कर्मचारियों व पेंशनरों को अंतरिम राहत राशि प्रदान करने के लिए लिया था। सरकार  ने कर्मचारियों को जो अंतरिम राहत दी है, उससे ही उस पर करीब 700 करोड़ रुपए का बोझ पड़ा है, वहीं सरकार को विकास कार्यों के लिए भी धन की जरूरत है।  यही वजह है कि राज्य सरकार ने अब फिर से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को 500 करोड़ के लोन का आवेदन ई-कुबेर के माध्यम से किया है। कर्ज की मूल राशि तीन साल बाद सात मार्च, 2021 तक वापस करनी होगी। इसके लिए छह मार्च को रिजर्व बैंक की मुंबई स्थित शाखा से इस लोन को लेकर प्रक्रिया पूरी होगी। उल्लेखनीय है कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए बार-बार ऋण लेने को मुद्दा बनाती रही है। कांग्रेस की सरकार पर प्रदेश को कर्ज तले डुबोने के आरोप भाजपा लगाती रही है, लेकिन अब भाजपा सरकार फिर कांग्रेस सरकार की ही राह पर चल रही है। हालांकि भाजपा का आरोप रहा है कि कांग्रेस सरकार ने राज्य का खजाना खाली किया है ऐसे में उसको विकासात्मक कार्यों को जारी रखने के लिए लोन लेना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App