अब टटेहड़ा में सात खैर कत्ल 

By: Apr 14th, 2018 12:05 am

वन माफिया ने खुर्दबुर्द की लकड़ी, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन

 गगरेट  —वन माफिया के निशाने पर आए गगरेट क्षेत्र के सरकारी जंगलों से बहुमूल्य खैर के पेड़ों के कटान का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंबोटा गांव के साथ सटे सरकारी जंगल से खैर के पेड़ों के कटान के बाद अब टटेहड़ा गांव के साथ सटे सरकारी जंगल से वन माफिया द्वारा सात खैर के पेड़ काटकर कीमती लकड़ी खुर्दबुर्द कर दी गई है। मामला उजागर होने के बाद वन विभाग के भी हाथ-पांव फूलने लगे हैं। विभाग द्वारा इसकी लिखित शिकायत गगरेट पुलिस थाना में करने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संभावित संदिग्धों की तलाश आरंभ कर दी है। इस प्रकार वन माफिया दिन प्रतिदिन सरकारी जंगलों में खैर के पेड़ों को निशाना बना रहा है उससे साफ झलक रहा है कि वन माफिया को विभाग का जरा भी डर नहीं रहा है। अभी अंबोटा गांव के सरकारी जंगल से खैर के पेड़ काटने का मामला सुलझा भी नहीं था कि अब वन माफिया द्वारा टटेहड़ा गांव के साथ सटे सरकारी जंगल से सात खैर के बहुमूल्य पेड़ काट लिए गए हैं। वन विभाग को इसकी जानकारी मिलने पर डिप्टी रेंजर जब विभागीय कर्मचारियों के साथ मौका पर पहुंचे तो विभाग ने भी खैर के सात पेड़ काट लेने की पुष्टि करते हुए इसकी लिखित शिकायत गगरेट पुलिस थाना में दी है। वन विभाग ने इस मामले को अंजाम देने वाले कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को दिए हैं। इसके बाद पुलिस भी मामला दर्ज कर मामले की तहकीकात में जुट गई है। हैरत की बात है कि दिन प्रतिदिन वन माफिया निजी व सरकारी जंगलों को निशाना बना रहा है, लेकिन विभाग भी वन माफिया को रोकने में असफल ही सिद्ध हो रहा है। स्थानीय जनता की मानें तो क्षेत्र में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो दिन के समय जंगलों में जाकर उन स्थानों को चिन्हित करता है जहां बहुमूल्य खैर के पेड़ हैं और रात के समय इन खैर के पेड़ों का कटान कर रातों-रात लकड़ी लेकर रफूचक्कर हो रहा है। खैर के पेड़ की लकड़ी अधिक कीमत में बिकती है। यहीं वजह है कि खैर के पेड़ वन माफिया के निशाने पर हैं। उधर, डीएसपी मनोज जंबाल का कहना है कि वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग के रेंज आफिसर अशोक धीमान का कहना है कि शामलात भूमि से चार पेड़ चिन्हित हुए हैं। गगरेट पुलिस के पास मामला दर्ज करवाया गया है।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App