आइसक्रीम स्टोर में आग, 18 लाख का नुकसान

By: Apr 21st, 2018 12:25 am

डैहर— डैहर उपतहसील के साथ लगते राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 पर रोपड़ी नामक स्थान पर एक होलसेल आइसक्रीम स्टोर में गुरुवार रात आग लग गई। अग्निकांड में करीब 18 लाख रुपए की संपत्ति स्वाह हुई है। घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे की है। सलापड़ पुलिस के अनुसार जड़ोल के रोपड़ी में देशराज ठाकुर के डीआर एंटरप्राइजेज आइसक्रीम स्टोर में आग लगने से 19 डिफ्रीज, आइसक्रीम और अन्य वस्तुएं राख हो गईं। हादसे में करीब 18 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। स्टोर मालिक देशराज ठाकुर ने बताया कि रोजाना की तरह वह शाम सात बजे के करीब स्टोर को बंद कर किसी कार्य हेतु बरमाणा आ गए थे। करीब साढ़े नौ बजे के करीब गोदाम के आसपास के लोगों ने जब स्टोर से धुआं व आग की लपटें निकलती देखीं तो उन्होंने फोन पर आग लगने की सूचना दी। मौके पर बीबीएमबी सुंदरनगर व सलापड़ की दमकल गाडि़यां भी पहुंच गईं। करीब 11 बजे आग पर काबू पाया गया। सलापड़ पुलिस चौकी के प्रभारी भौम प्रकाश ने भी टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और स्टोर मालिक व अन्य गवाहों के बयान लिए। मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरगनर तरनजीत सिंह ने की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App