कांग्रेस पर खून के धब्बे

By: Apr 25th, 2018 12:07 am

सलमान खुर्शीद के बयान पर मुश्किल में फंसी पार्टी, भाजपा ने घेरा

अलीगढ़— अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिससे कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एएमयू के एक पूर्व छात्र द्वारा कांग्रेस के शासन काल के दौरान बाबरी मस्जिद विध्वंस और सांप्रदायिक दंगों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सलमान खुर्शीद ने माना कि कांग्रेस के दामन पर मुसलमानों के खून के धब्बे हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस पर भाजपा ने हमला बोल दिया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में 5000 दंगे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि भिवंडी से भागलपुर और मेरठ से मलियाना तक कांग्रेस तथा कांग्रेस के सेक्युलरिज्म के सूरमाओं ने निर्दोष लोगों की हत्याओं को देखा है। कांग्रेस के शासनकाल में 5000 दंगे हुए हैं। अब अगर वे दंगों के इतिहास पर माफी मांग रहे हैं तो यह कहा जा सकता है कि देर आए दुरुस्त आए। कांग्रेस ने दंगों की आड़ में अपनी राजनीति चमकाई है। इस शर्मनाक इतिहास पर देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। बटला एनकाउंटर पर भी कांग्रेस के नेताओं ने सवाल उठाए थे। अब देखना होगा कि खुर्शीद किसकी तरफ से माफी मांग रहे हैं। गौरतलब है कि एएमयू में आयोजित सलमान खुर्शीद के कार्यक्रम में एक पूर्व छात्र आबिर मिंटोई ने कांग्रेस के शासन काल के दौरान मुसलमानों के साथ हुए अन्याय का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल के दौरान एएमयू के कानून में पहली बार बदलाव हुआ, हाशिमपुरा, मुजफ्फरनगर दंगे हुए, बाबरी मस्जिद के दरवाजे खुले, उसमें मूर्तियां रखी गईं। सब कांग्रेस के शासन काल के दौरान हुआ। कांग्रेस के दामन पर ये जो खून के धब्बे हैं, उस पर उनका क्या कहना है। इन्हें कांग्रेस कैसे धोएगी। इसके जवाब में सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह राजनीतिक सवाल है। हमारे दामन पर खून के धब्बे हैं। क्या आप यह कहना चाहते हैं कि चूंकि हमारे दामन पर खून के धब्बे लगे हुए हैं, इसलिए हमें आपके ऊपर होने वाले वार को आगे बढ़कर नहीं रोकना चहिए? उन्होंने प्रश्नकर्ता की तरफ इशारा करते हुए कहा कि हम ये धब्बे दिखाएंगे ताकि तुम समझो कि ये धब्बे हम पर लगे हैं, लेकिन यह धब्बे तुम पर न लगें। तुम वार इन पर करोगे, धब्बे तुम पर लगेंगे। हमारे इतिहास से सीखो और समझो। अपना हश्र ऐसा मत करो कि तुम 10 साल बाद अलीगढ़ यूनिवर्सिटी आओ और आप जैसा कोई सवाल पूछने वाला कोई भी न मिले।

कांग्रेस ने बयान से किया किनारा

कांग्रेस ने सलमान खुर्शीद के बयान से असहमति जताई है। कांग्रेस प्रवक्ता पीएल पूनिया ने कहा कि सलमान खुर्शीद पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन जो बयान उन्होंने दिया है, उससे कांग्रेस की असहमति है। मोदी सरकार में समाज को बांटने की जो राजनीति हो रही है, उसमें नेताओं को इस तरह के आधारहीन बयान नहीं देने चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या खुर्शीद पर कोई करवाई होगी, पूनिया ने कुछ नहीं कहा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App