छह साल से इंतजार, सिर्फ आश्वासन

By: Apr 20th, 2018 12:01 am

प्रदेश पर्यटन निगम कर्मचारी ग्रेड-पे न बढ़ने से परेशान

 शिमला— हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में कार्यरत करीब आठ हजार से ज्यादा कर्मचारियों को राहत मिलने का इंतजार है। प्रदेश सरकार ने वेतनमान संशोधन के बाद अपने सभी कर्मचारियों को बढ़ी हुई ग्रेड-पे का लाभ वर्ष 2012 में प्रदान किया था, परंतु पर्यटन निगम के होटल कर्मियों को अभी तक यह लाभ नहीं मिल पाया है। लगातार सरकार से मांग उठाने के बावजूद इनकी मांग पूरी नहीं हो रही है। हाल ही में पर्यटन निगम कर्मचारी संघ ने निगम के प्रबंध निदेशक से बैठक कर इस मुद्दे को उठाया। उनके आश्वासन के बावजूद एक महीना बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों की ग्रेड-पे बढ़ने के संबंध में कोई फैसला नहीं हो पाया है। इससे निगम के होटल कर्मियों में खासा रोष है। बताया जा रहा है कि पर्यटन निगम ने अपने कुछ श्रेणी के कर्मचारियों को तो बढ़ी हुई ग्रेड-पे का लाभ दे दिया था, मगर होटल इकाइयों में तैनात कर्मचारियों को यह लाभ नहीं मिल पाया है। इस वित्तीय लाभ के अलावा कुछ अन्य मांगें भी लंबे समय से लंबित पड़ी हुई हैं।

समय पर नहीं मिल रही पगार

पर्यटन निगम की होटल इकाइयों में समय पर वेतन नहीं मिलने की भी एक बड़ी समस्या कर्मचरियों को पेश आ रही है। बताया जाता है कि मुख्यालय को छोड़कर सभी होटलों में वेतन निर्धारित तारीख को नहीं मिलता। इसके चलते ये कर्मचारी मुख्यालय से ही होटल कर्मियों का वेतन जारी करने की मांग उठा रहे हैं। पर्यटन निगम कर्मचारी संघ के प्रधान डाबेराम एवं महासचिव मलकीत सिंह पठानिया ने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगें काफी समय से पूरी नहीं हो पा रही है, जिसके लिए प्रबंध निदेशक से भी चर्चा की गई है। अब कर्मचारी संघ इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगा।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App