भाजपा शासन में बढ़ा दलितों का उत्पीड़न

By: Apr 18th, 2018 12:05 am

अंब – चिंतपूर्णी कांग्रेस अनुसूचित विभाग के ब्लॉक अध्यक्ष शिंदर पाल ने भाजपा शासन में दलितों का उत्पीड़न और अत्याचार बढ़ाने का आरोप लगाया है। केंद्र और प्रदेश की सरकार को निशाने पर लेते हुए शिंदर पाल ने कहा कि भाजपा शासन में दलितों के उत्पीड़न की घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रहीं हैं। वहीं, भाजपा का दलित विरोधी चेहरा एससी, एसटी एक्ट को कमजोर करने पर उजागर हो चुका है। भाजपा के उत्पीड़न से त्रस्त दलित आज सड़कों पर उतरकर न्याय मांगने को मजबूर हो चुके हैं, लेकिन भाजपा शासन में दलितों को न्याय मिलने के वजाय उन पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। शिंदर पाल मंगलवार को विश्रामगृह अंब में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस चिंतपूर्णी अनुसूचित विभाग की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपना कोई भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। भाजपा शासित राज्यों में दलित लोगों के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। चाहे रोहित वेमूला का मामला हो या फिर गुजरात का ऊना कांड दलितों का शोषण बढ़ गया है। पूरे देश में कट्टरवादी और सांप्रदायिक ताकतों का बोलबाला हो गया है। गोरक्षा, लव जिहाद जैसे मुद्दों पर देश का सामाजिक सोहार्द जानबूझ कर बिगाड़ा जा रहा है। वहीं, प्रदेश में भाजपा शासन में भी कुल्लू में दलित समुदाय के छोटे बच्चों के साथ भेदभाव की घटना सामने आ चुकी है, जो भाजपा के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा राज में दलित शोषण को इनकी मौन स्वीकृति प्राप्त है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस चिंतपूर्णी के अध्यक्ष बलवान सिंह, ब्लॉक इंटक अध्यक्ष रामजी जस्सल, एससी जोन अध्यक्ष तरसेम लाल, वरिष्ठ कांग्रेसी जागीर चंद संघु, उपाध्यक्ष राजकुमार, देशराज, गुरदयाल व जनकराज आदि शामिल थे।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App