भाजपा सरकार ने कर्मचारियों-पेंशनरों को वित्तीय लाभ देकर किया गदगद 

By: Apr 8th, 2018 12:05 am

सोलन  —प्रदेश में काबिज भाजपा सरकार ने 100 दिनों के भीतर कर्मचारियों व पेंशनरों को वित्तीय लाभ देकर गदगद कर दिया है। इसके लिए प्रदेश के कर्मचारी व पेंशनर उनके आभारी है। यह बात हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी पेंशनर श्रमिक युवा बेरोजगार संयुक्त मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपाल दास वर्मा ने शनिवार को सोलन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के 100 दिनों में ही 14 हजार करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ प्रदान कर कर्मचारियों को दिए है। उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश पर 44 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है, बावजूद इसके उन्होंने बिना मांगें कर्मचारियों व पेंशनरों की झोली भरी है। इस दौरान गोपाल दास वर्मा ने कांग्रेस सरकार पर भी जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 19 हजार करोड़ का कर्ज होने के बाद भी कर्मचारियों व पेंशनर को कुछ नहीं दिया था, जिसके कारण पेंशनर बीते कई वर्षाे से कांग्रेस सरकार की कार्य प्रणाली से खुश नहीं थी। गोपाल दास वर्मा ने कहा 18-25 वर्ष के युवाओं को स्वरोजगार के लिए 75 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। युवा बेरोजगारों के लिए भी 70 करोड़ की धनराशि दी गई है। प्रदेश के कर्मचारियों के आवास के लिए 65 करोड़ का प्रावधान दर्शाता है कि प्रदेश की जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रत्येक वर्ग को राहत पहुंचा रही है और विशेषकर प्रदेश की रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले कर्मचारियों का खास ख्याल रख रही है। गोपाल दास वर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को सत्ता से हटने का गहरा सदमा लगा है। इसलिए वह अब आने वाले चुनाव को जीतने की बात कर रहे है, लेकिन जिस प्रकार जय राम सरकार कार्य कर रही है तो उसे देखकर लगता है कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रशंसा करते हैं तो बाकि के कांग्रेस नेताओं को इससे गुरेज क्यों है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App