मंदिर में विराजमान हुए मानणेश्वर महाराज

By: Apr 30th, 2018 12:05 am

नारकंडा -जिला शिमला के नारकंडा सिंहल क्षेत्र की प्रसिद्ध देवठी मानण के आराध्य देव श्री मानणेश्वर देवता महाराज करीब 40 वर्षों बाद हुए ऐतिहासिक जातर मेले के संपन्न होने के बाद वाद्य यंत्रों के दैविक सुरों के साथ अपने स्थायी मंदिर में विराजमान हुए। मानण में आयोजित हुए मुख्य जातर मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने मानणेश्वर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर देवता महाराज के रथ के साथ भव्य जातर तथा देव नर्तक दल घनौडी व मानण के देवलुओं द्वारा चोल्टु नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। जातर मेला 18 अप्रैल से देवता महाराज के अपने स्थायी मंदिर मानण से प्रस्थान के बाद शुरू हुआ था। बटलौथ, रावग, नारकंडा आदि क्षेत्रों के भ्रमण के बाद देवता महाराज मुख्य जातर मेले में मानण पहुंचे। 27 से 29 अप्रैल तक मंदिर परिसर मानण में मुख्य जातर मेला आयोजित किया गया। मेले में दूर-दूर से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने देवता महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। श्री मानणेश्वर देवता के गूर देवा चंदुलाल भारद्वाज, सचिव लक्ष्मीदत शर्मा, भंडारी सुरेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि देवता महाराज की आज्ञानुसार संपूर्ण क्षेत्रवासियों की सुख समद्धि व इलाके की खुशहाली के लिए ही जातर मेले का आयोजन किया गया है। जातर मेला हमारी देव संस्कृति की प्राचीन परंपरा का प्रतीक है जो कि आज भी देवता महाराज के कल्याणों द्वारा पूर्ण आस्था व विश्वास के साथ मनाया जा रहा है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App