सदमे में अनिल शर्मा परिवार घर पर भी पसरा रहा सन्नाटा

By: Apr 6th, 2018 12:07 am

मंडी— काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को सजा सुनाए जाने के बाद उनकी बहन अर्पिता के ससुराल छोटी काशी मंडी में अनिल शर्मा परिवार और उनके समर्थक भी सदमे में हैं। गुरुवार को सलमान खान पर फैसला आने तक मंडी में उनके चाहने वाले और अर्पिता का ससुराल पक्ष टीवी सेटों के सामने बैठे रहे। जैसे ही कोर्ट द्वारा सलमान खान को पांच वर्ष की सजा सुनाई गई, उनके समर्थकों में निराशा फैल गई। बता दें कि सलमान खान की बहन अर्पिता की शादी पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पौत्र आयुष शर्मा से लगभग साढे़ तीन साल पहले हुई है। आयुष शर्मा मंडी सदर से विधायक  एवं वर्तमान भाजपा सरकार में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के बेटे हैं। अनिल शर्मा के समखेतर स्थित निवास स्थान पर गुरुवार को दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। पिछले कई दिनों से अनिल शर्मा और उनकी धर्मपत्नी अपने पौत्र व सलमान खान के भानजे आहिल का जन्मदिन मनाने के लिए विदेश गए हुए थे। दो दिन पहले ही अनिल शर्मा शिमला लौटे हैं। सलमान खान के समर्थकों और बींग ह्यूमैन के स्टेट कॉ-ऑर्डिनेटर हिमांशू शर्मा ने कहा कि कोर्ट के फैसले से सलमान खान के चाहने वाले स्तब्ध हैं। सलमान केफैंस को ईश्वर व न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। फैंस को पूरी उम्मीद है कि उच्च न्यायालय से सलमान खान को राहत मिलेगी व सही निर्णय होगा। इसके लिए उनके चाहने वाले ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App