कांग्रेसी पार्षदों ने घेरा मेयर आफिस

By: May 26th, 2018 12:07 am

शिमला  – शहर में पेयजल किल्लत को लेकर सोमवार को कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने महापौर के कार्यालय का घेराव किया। हालांकि महापौर इस दौरान कार्यालय में उपस्थित नहीं थीं, मगर इसके बावजूद कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने मेयर कार्यालय में अपना रोष जताया और महापौर से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग उठाई। कांग्रेसी पार्षदों का आरोप है कि शहर में पेयजल किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है और निगम महापौर इसको लेकर बिलकुल भी गंभीर नहीं हैं। शहर में जनता को 5-6 दिन बाद पानी की सप्लाई दी जा रही है। लंबे इंतजार के बाद भी जनता को जरूरत लायक पानी नहीं मिल पा रहा है। पार्षदों का आरोप है कि अब तो शहर में जनता को दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है। पार्षद राकेश चौहान का आरोप है कि शहर में समर सीजन के दौरान पेयजल किल्लत पहले भी पेश आती थी, मगर इस मर्तबा पेयजल किल्लत ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिसके लिए महापौर व उपमहापौर जिम्मेदार हैं। भाजपा शासित निगम जनता को मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। जनता को मूलभूत सुविधा के लिए भी भटकना पड़ रहा है, जबकि महापौर अपने दौरे की तैयारियों में मशरूफ हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग उठाई है कि जनता को दूषित पानी की सप्लाई देने और पेयजल अव्यवस्था को लेकर निगम पर कड़ा संज्ञान लें और शहर की जनता को पानी उपलब्ध करवाने के लिए जल्द अवश्यक कदम उठाए जाए। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते समस्या का निपटारा नहीं किया गया तो वे जनता को लामबंद कर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App