कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने किया चक्का जाम

By: May 31st, 2018 12:05 am

 शिमला  —शिमला में पानी को लेकर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। लोगों को पीने तक के लिए पानी भी नहीं मिल रहा है। मजबूरन अब लोग प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। शिमला में आम जनता को पानी मुहैया न करवाने के विरोध में कांग्रेस समर्थित नगर निगम पार्षदों ने चक्का जाम किया। टालैंड के पास सड़क पर कांग्रेस पार्षदों ने खड़े होकर प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुधवार को नगर निगम की शिमला टालैंड स्थित पालिका भवन में बैठक थी। इस दौरान हाउस में पानी को लेकर प्रदर्शन करने के बाद गुस्साए कांग्रेस पार्षदों ने टालैंड पर ही चक्का जाम कर दिया। आधे घंटे तक जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने सड़क पर की। चक्का जाम होने से खलीनी, बस स्टैंड, संजौली के तरफ आने जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें सड़कों पर लग गईं। लंबा जाम लगने के बाद भी कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रदेश सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पार्षदों ने निगम की मेयर के इस्तीफे की मांग भी की। मौके पर हालात संभालने के लिए पुलिस भी पहुंची। कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द पानी के संकट को दूर नहीं किया जाता है तो इसी तरह से वे रोज सड़कों पर चक्का जाम करेंगे।

आम जनता-पर्यटक परेशान

कांग्रेस समर्थित पार्षदोंं द्वारा टालैंड पर चक्का जाम करने से लंबा जाम लग गया। जाम लगने से आम जनता और पर्यटक परेशान हुए। कुछ पर्यटकों का कहना था कि उन्हें शिमला आकर पानी की कमी से जूझना पड़ रहा है और घूमने निकलते हैं तो जगह-जगह लोग चक्का जाम करते हैं जिसकी वजह से घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App