खाई में गिरी बोलेरो, पेड़ से अटकी

By: May 10th, 2018 12:05 am

 रामपुर बुशहर —ब्रौ थाना के अंतर्गत बजीर बावड़ी ब्रौ सड़क पर सुबह करीब सात बजे एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे शिमला रैफर कर दिया। इस हादसे में घायल होने वालों में चालक पुष्पदेव पुत्र बालाराम गांव बूंग, तहसील निरमंड, सीमा देवी पत्नी पुष्पदेव, मीनाक्षी, बुद्धराम, रेवतराम और पुनेराम शामिल हैं। पुनेराम, निवासी पाली को इस हादसे में गहरी चोटें आई हैं, जिसे शिमला रैफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह करीब सात बजे एक बोलेरो कैंपर (एचपी-06ए-2241) ब्रौ से बजीरबावड़ी की तरफ जा रही थी। जैसे ही गाड़ी शोगा के पास पहुंची चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में समा गई। सुबह-सुबह दुर्घटना होने के कारण मौके पर लोगों का काफी जमावड़ा लग गया। जिस जगह पर यह दुर्घटना हुई वहां बिलकुल सामने एनएच पांच है। ऐसे में एनएच पर भी खासी भीड़ लग गई। मौके पर जा रही गाडि़यों में बैठे लोगों ने खाई में उतर कर घायलों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस 108 में खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। ये लोग नीरथ में शादी समारोह में शरीख होने के लिए जा रहे थे। ऐसे में अचानक यह हादसा हो गया। ऐसे में शादी का माहौल भी गमगीन हो गया। गनीमत ये रही कि गाड़ी सड़क से नीचे जाकर पेड़ से रूक गई। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी धर्म सिंह ठाकुर की अगवाई में टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टय यह दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई लग रही है। गाड़ी में कोई मेकेनीकल फाल्ट नहीं देखा गया। फिलहाल जांच चल रही है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App