दो दिन धूप, 12 से फिर बारिश

By: May 10th, 2018 12:20 am

 मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 15 तक भिगो सकता है अंबर

शिमला — हिमाचल प्रदेश में रौद्र रूप दिखाने के बाद अब आगामी दो दिन मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान समूचे राज्य में चटक धूप खिलेगी। मगर यह राहत दो दिन की है। चूंकि विभाग ने 12 मई से मौसम में फिर से करवट की उम्मीदें जताई है। यह सिलसिला 15 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। 15 मई को राज्य के कुछ स्थानों पर फिर से मौसम कड़े तेवर दिखा सकता है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा और धूप खिली रही। हालांकि पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। मगर शेष हिमाचल में मौसम साफ बना रहा। मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में एक से 10 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आई है। भुंतर के तापमान में सर्वाधिक उछाल आया है। भुंतर का पारा 16.0 डिग्री से 26.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा सुंदरनगर, हमीरपुर, कल्पा व ऊना  में 6.0 डिग्री, केलांग में 5.0 और चंबा में 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान चढ़ा है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में दो-दिन मौसम साफ रहेगा, जबकि 12 मई से मौसम फिर करवट लेगा।

कांगड़ा-शिमला में बारिश

बुधवार को प्रदेश के कांगड़ा व शिमला में हल्की बारिश हुई। जबकि बीते 24 घंटों के दौरान रेणुका में 67.0, मशोबरा 63.0, शिमला 60.0, ठियोग 44.0, राजगढ़ में 27.0, सराहन में 25.0, कुफरी में 24.0, गगल में 23.0 और मनाली में 1910 मिलीमीटर बारिश हुई।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App