पानी से चालीस पर्सेंट कारोबार चौपट

By: May 8th, 2018 12:07 am

शहर भर में पानी को मचा हाहाकार, दशकों बाद गहराया ऐसा पेयजल संकट

शिमला – शिमला में पानी की समस्या के चलते जनता में आक्रोश बढ़ने लगा है। विकराल हो रही समस्या को लेकर जनता सड़कों पर उतरने लगी है। समर सीजन के पहले पखवाड़े में ही सप्ताह में एक बार पानी की सप्लाई होने से जनता का नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को माकपा ने हाथों में खाली बल्टियां लेकर नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन की नाकामियों को लेकर जोरदार नारेबाजी भी की। पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य विजेंद्र मैहरा ने कहा कि वर्तमान भाजपा शासित नगर निगम आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल रहा है। भाजपा ने जो वादे नगर निगम चुनावों के दौरान जनता के साथ किए थे उन वादों पर भाजपा चुनाव जीतने के बाद खरा नहीं उतर पाई है। प्रदर्शन को राज्य सचिवालय सदस्य व पूर्व महापौर संजय चौहान ने आरोप लगाया कि आज शिमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले आठ दिनों से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। शहर की जनता आज पानी के लिए त्रस्त है लेकिन भाजपा के महापौर, उपमहापौर व पार्षद  जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय नगर निगम के खजाने को खर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझ कर शहर में पानी का संकट खड़ा कर रही है ताकि शहर में पानी के वितरण को ठेके में दिया जा सके। इसके लिए भाजपा ने पहले ही एक कंपनी का गठन कर लिया है। वह अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता को आज पानी से मोहताज कर रही  है। शहरी कमेटी सचिव बलवीर पराशर ने कहा कि भाजपा के नगर निगम में सत्ता में आने के बाद से ही कूड़े की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिमला शहर की जनता पानी व कूड़े की समस्या से परेशान है लेकिन शहर के भाजपा विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश भारद्वाज खामोश बैठे हैं। विधायक की चुप्पी भी यही दर्शाती है कि भाजपा को आम जनता की समस्याओं से कुछ भी लेना-देना नहीं है। प्रदर्शन में सीपीएम राज्य सचिव डा. औंकार शाद, राज्य सचिवालय सदस्य डा. कुलदीप तनवर, पूर्व महापौर संजय चौहान, राज्य कमेटी सदस्य विजेंदर मैहरा, फालमा चौहान, शहरी सचिव बलबीर पराशर, बाबू राम, चंद्र कांत, किशोरी डटवालिया, शैली शर्मा, दिनेश मैहता, बालक राम, सोनिया, अदिति, अनिल नेगी, लेख राज, नोवल ठाकुर, पूर्ण चंद, दिनित, रमन, अनिल ठाकुर, शिल्पा, आकाश दलीप और मदन सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

आईजीएमसी में नहीं मिल रहा पानी

प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल को भी नगर निगम पेयजल उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन व मरीजों तथा तामीरदारों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

इन क्षेत्रों में नहीं पहुंच रहे टैंकर

शहर में पेयजल किल्लत के चलते  निगम द्वारा टैंकरों से पानी की सप्लाई दी जा रही है। मगर शहर के मिड ल बाजार, राम बाजार सहित उपनगरों में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां टैंकरों से भी पानी की आपूर्ति कठिन है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App