पुलिस की मुहिम पहले दिन ही फेल

By: May 6th, 2018 12:05 am

ऊना —ऊना शहर में यलो लाइन के बाहर खड़े वाहनों को रिकवरी वैन से हटाने को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू किया गया अभियान पहले दिन ही फेल हो गया। एक तो पुलिस प्रशासन को इस रिकवरी वैन को चलाने के लिए चालक  ही नहीं मिल पाया। रिकवरी वैन को चलाने वाला चालक छुट्टी पर था, लेकिन अस्थायी तौर पर होमगार्ड जवान (चालक) पहुंचा तो रिकवरी वैन ही स्टार्ट नहीं हो पाई, जिससे कई लोगों के बीच यह मसला हंसी बन गया।  शनिवार को पुलिस प्रशासन की ओर से यलो लाइन के बाहर खड़े वाहनों को हटाने के लिए रिकवरी वैन मंगवाई गई। बाकायदा शहर में रिकवरी वैन आई। साथ ही एक कार को हटाया जाना था, लेकिन रिकवरी बैन मौके पर स्टार्ट ही नहीं हो पाई। करीब 15 से 20 मिनट तक रिकवरी बैन का चालक वैन स्टार्ट करने का प्रयास करता रहा है, लेकिन उसके सभी प्रयास असफल रहे। वहीं, देखते ही देखते कार चालक अपनी कार को आसानी से लेकर मौके से चला गया। रिकवरी वैन स्टार्ट नहीं होने के चलते कई लोगों में यह चर्चा बनी रही, लेकिन अभियान को लेकर पुलिस प्रशासन की भी लोगों में खूब फजीहत हुई। उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन की ओर से रेड लाइट चौक का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान दुकानदारों को दुकान के अंदर सामान लगाने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, वाहन चालकों को भी वाहन यलो लाइन के अंदर पार्क करने की सलाह दी गई थी। नियमों की अवहेलना होने पर रिकवरी वैन से वाहन हटाने के निर्देश पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा दिए गए थे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इसी कड़ी के चलते शनिवार को यातायात पुलिस ने रिकवरी वैन से वाहन हटाने का अभियान शुरू किया, लेकिन यह पूरी तरह से सिरे नहीं चढ़ पाया है। उधर, इस बारे में पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने माना कि रिकवरी वैन का चालक नहीं था। अस्थायी तौर पर होमगार्ड जवान चालक को बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि वाहनों को हटाने के लिए भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App